राज्यसभा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के एकमात्र सांसद रामकुमार कश्यप ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।
संसद भवन परिसर में भाजपा के कार्यालय में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी महासचिव भूपेन्द्र यादव एवं केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की मौजूदगी में श्री कश्यप को भाजपा की सदस्यता प्रदान की।
बाद में श्री कश्यप एवं राज्यसभा में भाजपा संसदीय दल के नेता थावरचंद गहलोत ने सभापति एम वेंकैया नायडू को सूचित किया। राज्यसभा के रिकॉर्ड में श्री कश्यप को भाजपा के सदस्य के रूप में मान्यता दे दी गयी।
श्री कश्यप के साथ ही केरल के पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक अब्दुल्ला कुट्टी ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। श्री कुट्टी पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य थे जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करने के लिए माकपा ने निष्कासित किया था। निष्कासन के बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गये थे। कांग्रेस ने भी उन्हें इसी कारण से हाल ही में निष्कासित किया था।
हाल ही में तेलुगु देशम पार्टी के चार राज्यसभा सांसदों ने अपनी पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इस प्रकार से राज्यसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या 75 हो गयी है।


Download Android App
Download iOS App



