हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने शनिवार को कहा कि जजपा ने भाजपा को समर्थन देकर मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जजपा को मिली 10 सीटें सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ दिया गया जनादेश था लेकिन जजपा ने राज्य के मतदाताओं के साथ धोखा किया।
शैलजा के मुताबिक जिन्होंने भी जजपा को वोट दिया था आज वे भाजपा को समर्थन दिए जाने के बाद ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। एक बयान में कांग्रेस नेता ने कहा कि 90 में से 75 सीटें जीतने का दावा करने वाली भाजपा को लोगों ने मुंहतोड़ जवाब दिया लेकिन लोग यह नहीं समझ पाए कि जजपा ने भाजपा के साथ समझौता किया था और उसकी ‘बी’ टीम के रूप में कार्य किया।
कांग्रेस नेता ने कहा, “उन्होंने (जजपा ने) चुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा को समर्थन देने में जरा भी देर नहीं की।” गौरतलब है कि बहुमत के आंकड़े न आने के बाद दुष्यंत चौटाला की जजपा के समर्थन से भाजपा ने हरियाणा में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।
शैलजा ने जजपा का बेरोजगारों को 11,000 रुपए देने, राज्य के लोगों के लिए 75 फीसदी नौकरी आरक्षित करने और 5,100 रुपये की मासिक वृद्धावस्था पेंशन देने का वादों की याद दिलाई।


Download Android App
Download iOS App



