मायावती का केंद्र पर वार, कहा-खोखले विकास का डंका बजाए जाने के कारण भीषण समस्‍याओं से घिरा हिन्‍दुस्‍तान

Summary :

मायावती ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की सरकारें अगर अवाम की बातों पर ध्यान दें तो बेहतर होगा।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर ‘विकास की बनावटी तस्वीर’ का डंका पीटकर सियासी फायदा लेने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि यही वजह है कि भारत गरीबी और बेरोजगारी की भीषण समस्याओं से ग्रस्त लोगों का देश बन गया है। 
मायावती ने यहां एक बयान में कहा कि बसपा बार-बार आगाह करती रही है कि देश में जो भी विकास हो रहा है उसका डंका पीट कर सियासी फायदा लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह हिंदुस्तान और यहां की लगभग 130 करोड़ आम जनता का असली विकास नहीं है और यही वजह है कि भारत गरीबी बेरोजगारी आदि की भीषण समस्याओं से ग्रस्त लोगों का मुल्क बन गया है। 

उत्तर प्रदेश: कुलदीप सेंगर को भाई के दाह संस्कार के लिए 72 घंटे की मिली पैरोल

मायावती ने कहा कि ऐसी स्थिति की असली वजह यह है कि सरकारें लोगों की बात नहीं सुन रही हैं और मनमानी कर रही हैं। मायावती ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की सरकारें अगर अवाम की बातों पर ध्यान दें तो बेहतर होगा। 
बसपा अध्‍यक्ष ने गुतारेस द्वारा शुक्रवार को दिए गए उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने दुनिया के विभिन्न नेताओं से आम लोगों की वास्तविक समस्याओं को सुनने की जरूरत पर जोर दिया था। साथ ही यह भी कहा था कि दुनिया में आम लोगों और राजनीतिक प्रतिष्ठानों के बीच भरोसे में तेजी से गिरावट आ रही है। 
मायावती ने कहा कि आज दुनिया में हर जगह अशांति का माहौल है और लोग बहुत परेशान होकर आंदोलित हैं। इस संबंध में गुतारेस का बयान भारत जैसे विशाल जनसंख्या वाले देश के लिए बहुत मायने रखता है। 

Desk Team