चंडीगढ़ : इनेलो से दो फाड़ होकर अस्तित्व में आई जननायक जनता पार्टी ने हरियाणा में पहली बार लोकसभा चुनाव की ताल ठोकते हुए चार प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतार दिया। जजपा की सहयोगी आम आदमी पार्टी ने अभी अपने हिस्से की किसी भी सीट से प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया है। जजपा ने सोनीपत, कुरूक्षेत्र व गुरुग्राम लोकसभा सीटों को फिलहाल होल्ड पर डाल दिया है। जिन पर एक-दो दिन में फैसला किया जाएगा। जजपा सांसद दुष्यंत चौटाला, जजपा अध्यक्ष निशान सिंह, आम आदमी पार्टी अध्यक्ष नवीन जयहिंद, आप प्रभारी एवं दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय तथा राज्य सभा सांसद सुशील गुप्ता ने संयुक्त पत्रकार वार्ता के माध्यम से जननायक जनता पार्टी के प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा।
प्रदेश में सबसे हॉट सीट बनती जा रही हिसार लोकसभा सीट से दुष्यंत चौटाला दोबारा चुनाव लडऩे जा रहे हैं। इसके अलावा जजपा ने सिरसा लोकसभा क्षेत्र से समाज सेवी निर्मल सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। रोहतक में पार्टी ने इनसो अध्यक्ष प्रदीप देसवाल को चुनाव मैदान में उतारा है। भिवानी महेंद्रगढ़ सीट से स्वाति यादव को चुनाव मैदान में उतारा गया है। जजपा ने सोनीपत, कुरूक्षेत्र व गुरुग्राम लोकसभा सीटों को पैंडिंग छोड़ दिया है। इन तीन सीटों पर शुक्रवार तक कोई निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत चौटाला ने साफ किया कि प्रदेश में अन्य राजनीतिक दल युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात करते रहे हैं लेकिन किसी ने भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया है, जबकि जजपा ने अधिकतर युवाओं को ही मौका दिया है। पत्रकारों से बातचीत में आप प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी के हिस्से आई अंबाला, करनाल व फरीदाबाद लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम को शुक्रवार की शाम तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। आप अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ विचार-विमर्श के बाद प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतार दिया जाएगा।
(आहूज, राजेश)


Download Android App
Download iOS App



