करनाल : देश के जिला करनाल से 30 अप्रैल को गोबरधन योजना का आगाज होगा। जिसके लिए एनडीआरआई के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, भारत सरकार की कैबिनेट मंत्री उमा भारती व सीएम मनोहर लाल शमिल होंगे। इस योजना के लिए जिला करनाल से ग्राम पंचायत कुंजपुरा का चयन किया गया है। यह जानकारी एडीसी निशांत कुमार यादव ने अपने कार्यालय में बैठक के दौरान दी।
एडीसी निशांत यादव ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य गांवो के चारों ओर पड़े गोबर व कुरडिय़ों के ढेरों को समाप्त करके गोबर का सदुपयोग करके ईधन के रूप में इस्तेमाल में लाना है। इस योजना के अंर्तगत मुख्यत: ग्रामीण परिवेश की स्वच्छता को विशेष तौर पर ध्यान में रखा जाएगा। इस योजना के अंर्तगत गांव से गोबर एकत्रित करके गैस बनाई जाएगी और गांव में इच्छुक व्यक्तियों को गैस की सप्लाई की जाएंगी ताकि ग्रामीणों को एलपीजी से सस्ती दरों पर रसोई के लिए ईधन प्राप्त हो पाए।
एडीसी ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में पूरे भारतवर्ष से लगभग 150 प्रतिभागी, पेयजल एवं स्वच्छता मन्त्रालय से विशेष प्रतिनिधि, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण हरियाणा के अधिकारी, हरियाणा के सभी जिलों के डीसी, एडीसी, डीडीपीओ, बीडीपीओं, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना एवं सहायक परियोजना अधिकारी समेत स्वच्छ भारत मिशन के सभी जिलों के जिला कार्यक्रम प्रबन्धक भी भाग लेंगे। एडीसी ने बताया कि इस कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों के आवासीय प्रबन्ध हेतू एसडीएम करनाल, एओ एसएसए की कमेटी गठित की गई है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।
– हरीश/आशुतोष


Download Android App
Download iOS App



