महेन्द्रगढ़ : महेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव खुडाना में 24 फरवरी रविवार को होने वाली विकास रैली की सभी तैयारियां पूर्ण करली गई हैं। रैली के आयोजक शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने शनिवार को अपनी देखरेख में रैली के प्रबंधों को अंतिम रूप दिया। इस रैली को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित हरियाणा सरकार के अनेकों मंत्री व सांसद संबोधित करेंगे।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री गांव खुडाना में आइएमटी की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने बताया कि 960 एकड़ भूमि में बनने वाली इस योजना के लिए भूमि का अधिग्रहण आदि सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री इसी दिन महेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरेहती जांखल में नवनिर्मित 33 केवी बिजली सब स्टेशन का उद्घाटन भी करेंगे वहीं महेन्द्रगढ़, नारनौल व अटेली क्षेत्र के लिए लगभग एक दर्जन विकास योजनाओं का शिलान्यास भी रैली स्थल से ही मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि समस्त प्रदेश में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में दक्षिणी हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिला की घोर उपेक्षा की गई थी मगर भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समस्त हरियाणा में समान रूप से विकास कार्य करवाएं हैं। उन्होंने कहा कि महेन्द्रगढ़ के गांव खुडाना में आइएमटी व नांगल चौधरी में लॉजस्टिक हब के तैयार हो जाने पर इस क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या नहीं रहेगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री की होने वाली रैली के लिए 10 एकड़ का स्थान घेरा गया है तथा 10 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि रैली को लेकर लोगों में काफी उत्साह है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र खुडाना में आइएमटी का शिलान्यास किया जाना है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि आइएमटी की स्थापना से मारूति जैसे बड़े व मध्यम उद्यौगों की गुरूग्राम की तरह भरमार हो जाएगी जिससे इस क्षेत्र का तेज गति से विकास होगा। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री सुंदर लाल काका, गौतम शर्मा एडवोकेट, ललित एडवोकेट, पवन खैरवाल, विक्की खुडाना, मोनिका नागर, सुधीर दीवान आदि भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।
– सरोज यादव


Download Android App
Download iOS App



