हरियाणा के करनाल में कल डॉक्टर राजीव गुप्ता की हत्या पर अफसोस जताते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाख खट्टर ने आज दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चाकचौबंद है और प्रदेश की पुलिस अपराधों को नियंत्रण में रखने में पूरी तरह सक्षम है।
श्री खट्टर यहां मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। उन्होंने डॉक्टर गुप्ता की हत्या पर अफसोस जताते हुए कहा कि पुलिस ने कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक मनोज यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है। उन्होंने कहा कि वह रात से ही पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं।
श्री खट्टर ने कहा कि प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था बेहतर है और निर्देश जारी किये गये हैं कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने दावा किया कि चोरी और छीनाझपटी की घटनाओं में कमी आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल को मजबूत करने के लिए नई नियुक्तियां भी हुई हैं और पुलिस को आधुनिक उपकरण भी मुहैया कराये गये हैं।


Download Android App
Download iOS App



