भिवानी : हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा कि समाज व गरीब का भला करना सरकारों का कार्य होता है। जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी व राजीव गांधी ने गरीबी हटाने का नारा दिया था। इस पार्टी की चौथी पीढ़ी भी अब यही नारा दे रही है। इसे क्या कहूं सपूत या कपूत। पप्पू भी अब गरीबी हटाने का नारा दे रहा है। इतने सालों राज करते हुए इस पार्टी ने गरीबी नहीं हटाई, केवल अपने घर भरे। मनोहर लाल ने कांग्रेस पर देश के टुकड़े करने के आरोप लगाए। कश्मीर इस देश का अभिन्न अंग हो सकता था, लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू की गलतियों से धारा 370 लगी।
हम हटाने की बात करते हैं और वे कहते हैं हम धारा 370 हटाएंगे नहीं। एक तरफ हमने सेना के अधिकारों को मजबूत किया है और एफ्स्पा कानून लगाया है और वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस कहती है कि वह इस कानून को हटाएंगे। हमारी आबादी बेशक कम है पर हमारी सेना में हरियाणा से दस फीसद हैं। इनके सामने देश एक जमीन का टुकड़ा मात्र है। जमीन का टुकड़ा मानेंगे तो देश की रक्षा नहीं कर सकते हैं। सीएम भिवानी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने राष्ट्रवाद, बिना सिफारिश के भर्तियां व विकास को मुख्य मुद्दा बताया। मनोहर लाल ने कहा कि कार्यकर्ता भी जनता का ही हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने जनसभा में सुरक्षा के लिए खड़े पुलिसकर्मियों को बीच से हटने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता व हमारे बीच पुलिस वालों का क्या काम। मुख्यमंत्री का यह नया अंदाज कुछ जुदा-जुदा दिखाई दिया।
मनोहर लाल ने लोकसभा चुनावों को विश्व का सबसे बड़ा उत्सव बताया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस गरीरी हटाने की बात कर रही है। जब उनकी सरकार रही तब उन्होंने गरीब हटाई तो अपने रिश्तेदारों, परिवार के लोगों की हटाई है। करीबियों के घर भरे हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के करीबी के घर से 281 करोड़ रुपये पकड़े। भ्रष्टाचार सीमा तक बढ़ाया। टू जी घोटाले, जमीनों के घोटाले किए। पूरे एनसीआर एरिया में जमीनों की लूट खसोट की गई, लेकिन भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से रोक लगाई है। कर्मचारी कहते थे कि ऊपर वाले को देने पड़ते हैं। भ्रष्टाचार कौन करते थे। नेता व अधिकारी करते थे, लेकिन अब हमने पूरी तरह से भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



