फरीदाबाद : लोकसभा चुनावों में बहुजन समाज पार्टी और राजकुमार सैनी की लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के बीच हुए गठबंधन को मंगलवार बहुजन समाज पार्टी की तरफ से तोड़ने का ऐलान कर दिया गया है। फरीदाबाद स्थित कार्यालय रतन वाटिका पर आयोजित इस समीक्षा बैठक में पलवल और फरीदाबाद दोनों जिलों के पार्टी पदाधिकारी बुलाए गए थे। जिनसे लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को मिली वोटों की समीक्षा की गई। पार्टी के अंदर कार्यकर्ताओं द्वारा या पदाधिकारियों द्वारा जो लापरवाही बरती गई, उस पर भी कार्यवाही का विचार किया जा रहा है। जल्द ही यदि पार्टी में पदाधिकारियों को बदलने की जरूरत पड़ी तो वह भी बदले जाएंगे।
समीक्षा बैठक करने फरीदाबाद पहुंचे बसपा के प्रदेश प्रभारी डॉ मेघराज ने राजकुमार सैनी पर लोकसभा चुनावों में भाजपा की मदद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी के नेताओं द्वारा बार-बार समझाने के बाद भी राजकुमार सैनी विवादित बयान देते रहे। जिसकी वजह से पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा। डॉक्टर मेघराज ने राजकुमार सैनी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी के पास पूरे हरियाणा में कहीं भी कैडर वोट दिखाई नहीं दिया। डॉक्टर मेघराज ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती की तरफ से केवल लोकसभा चुनावों के लिए राजकुमार सैनी से गठबंधन किया था, लेकिन जिस तरह के चुनाव परिणाम आए हैं, उसके बाद इस गठबंधन को तोड़ा जा रहा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले हरियाणा के विधानसभा चुनावों में पार्टी ९० की ९० विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। विधानसभा चुनावों को लेकर डॉक्टर मेघराज ने साफ संदेश देते हुए कहा की पार्टी में कर्मठ कार्यकर्ताओं को ही आगे बढऩे का मौका मिलेगा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती, लोकसभा जोन के प्रभारी डॉक्टर महेश, फरीदाबाद जिला अध्यक्ष रतिराम, पलवल जिला अध्यक्ष कमल गौतम के अलावा सभी नौ विधानसभाओं के अध्यक्ष समेत मुख्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
– राकेश देव


Download Android App
Download iOS App



