रेसलर बबीता फोगाट ने नजफगढ़ के विवेक सुहाग को चुना हमसफर

Summary :

अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट ने अपना हमसफर चुन लिया है। मंगलवार को इस बात की जानकारी खुद बबीता फोगाट ने अपने ट्विटर हैंडलर के माध्यम से सांझा की है।

चरखी दादरी : अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट ने अपना हमसफर चुन लिया है। मंगलवार को इस बात की जानकारी खुद बबीता फोगाट ने अपने ट्विटर हैंडलर के माध्यम से सांझा की है। संभावना है कि बबीता इस साल के आखिर में यानि कि नवंबर के आखिरी या दिसंबर के पहले सप्ताह में शादी के बंधन में बंध सकती हैं। बबीता फोगाट ने अपने संभवी हमसफर की फोटो भी सांझा की है। 
ट्विटर हैंडलर से खुद सांझा की तस्वीर
बबीता फोगाट हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव बलाली में रहने वाली भारतीय महिला पहलवान हैं। बबीता फोगाट ने अपनी कॉलेज की पढ़ाई एमडीयू रोहतक हरियाणा से की है। बबीता को राज्य का नाम रोशन करने के लिए सरकार ने 2013 में हरियाणा पुलिस में एसआई बनाया था। इस समय बबीता मधुबन में तैनात हैं। इस समय बबीता मधुबन में तैनात हैं, लेकिन छह साल की नौकरी होने के बावजूद उन्हें प्रोमोशन नहीं मिला है, जबकि एसआई बनने के बाद भी वह देश के लिए लगातार मेडल जीत रही हैं। 
उपलब्धियों की बात की जाए तो बबीता कुमारी ने 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था। फिर स्काॅटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित काॅमनवेल्थ गेम्स 2014 में 55 किलो भार वर्ग में फ्रीस्टाइल कुश्ती में कनाडा की ब्रितानी लाबेरदूरे को हराकर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था। साल 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में वह गोल्ड मेडल से चूक गईं, गोल्ड कोस्ट में खेले गए 53 किलो महिला कुश्ती स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में बबीता ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।बबीता और उनकी बड़ी बहन गीता फोगाट पर बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम चर्चित निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता आमिर खान ने फिल्म दंगल भी बनाई थी। 
यह फिल्म ठीक उस वक्त रिलीज की गई थी, जबकि गीता की शादी हुई थी। अब दुनियाभर की नजरों में स्टार बनी छोटी फोगाट यानि बबीता ने भी शादी का फैसला कर लिया है। उनका रिश्ता उनके परिजनों की रजामंदी से तय हुआ है। बबीता के पिता द्रोणार्चाय अवार्डी महाबीर पहलवान और चाचा सज्जन बलाली ने नजफगढ़ के विवके सुहाग रिश्ता पक्का किया है। 
हालांकि अभी तक शादी की कोई तारीख तय नहीं हुई है, पर माना जा रहा है कि नवंबर के आखिरी या फिर दिसंबर के पहले सप्ताह में बबीता और विवेक शादी के बंधन में बंध जाएंगे। बबीता ने यह जानकारी अपने ट्विटर हैंडलर पर खुद सांझा की है। उन्होंने अपने परिजनों के साथ विवेक की एक फोटो भी सांझा की है, जिसमें बबीता के पिता और चाचा विवेक को आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं।

Desk Team