करनाल : देश के सैकड़ों गांव और शहरों में ऐसी ढेरों खेल प्रतिभाएं छिपी हैं जो आर्थिक मदद के अभाव में सबके सम्मुख नहीं आ पातीं लेकिन कहते हैं न कि रास्ता बनाने वाला ईश्वर ही है जो सबके लिए सोचता है। कुछ ऐसी ही दो प्रतिभाओं की आर्थिक सहायता की करनाल से सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा ने, जब उन्हें यह जानकारी मिली कि इंद्री गांव के हैबतपुर के एक खिलाड़ी भारत और पानीपत जिले के कारद गांव की खिलाड़ी पूजा जागलान को अपने सपनों को साकार करने के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है तो सांसद चोपड़ा ने अपने निजी फंड में से भारत को 50 हजार रुपये की मदद की वहीं खिलाड़ी पूजा को 25 हजार रुपये दिए।
दरअसल सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा गांव हैबतपुर के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में जब ओपन जिम का उद्घाटन करने पहुंचे तो गांव की पंचायत ने सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा से गुहार लगाई कि नौवीं कक्षा का छात्र भारत किक बॉक्सिंग का प्लेयर है और उसे आगामी 23 तारीख को तेलंगाना राज्य में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेना है। इसलिए उसकी आर्थिक मदद की जाए। यह सुनते ही सांसद ने छात्र भारत को अपने पास बुलाया।
उन्होंने पंचायत द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ऐलान किया कि वह अपने निजी कोटे से छात्र भारत को 50 हजार नकद की मदद करेंगे। भारत के पिता कुलदीप सिंह एक पुलिसकर्मी हैं। हाल ही में वह फौज से रिटायर्ड हुए हैं। उन्होंने पंजाब केसरी को बताया कि उनका बेटा भारत होनहार खिलाड़ी है। वह अंडर 14 तथा अंडर 17 में गोल्ड मैडल, ब्रोंज और सिल्वर समेत अब तक 1 दर्जन मैडल हासिल कर चुका है। भारत तेलंगाना में होने वाली राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग में हिस्सा लेगा। उम्मीद है कि वह इसमें भी गोल्ड मैडल हासिल करेगा।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



