रेवाड़ी : हरियाणा के लोक निर्माण एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गाय की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। इसलिए हमें गौ सेवा के लिए बढ़चढ़ कर दान देना चाहिए और गौ सेवा के लिए आगे आना चाहिए। राव नरबीर सिंह सोमवार को गांव बगथला में गौशाला के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। इसलिए हमें गाय माता की सेवा के लिए दिल खोलकर आगे आना चाहिए और दान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गौसवा से पुण्य की प्राप्ति होती है और मानव जीवन सार्थक हो जाता है। हमें अपने घर में भी गाय को पालना चाहिए और स्वयं भोजन करने से पहले गाय माता को रोटी खिलानी चाहिए। इस अवसर पर आयोजकों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सामाजिक लोगों की भागीदारी से हरियाणा प्रदेश में गौ सरंक्षण की दिशा में बेहतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गौसेवा से जुडे गौ सेवक, गौसेवा आयोग, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओ के प्रतिनिधी एक मिशन के तौर पर एकजुट होकर गौसेवा के प्रति कार्य करें ताकि गौ संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि गौमाता की कृपा हम सब पर और पूरे राष्ट्र व मानवता पर सदा बनी रहे उसके लिए हम सबको प्रण करना होगा कि उसके लिए कोई भी बेसहारा व दिव्यांग गौ माता सड़क पर भूखी प्यासी न रहे इसके लिए गौशालाओ के प्रतिनिधियो और सामाजिक लोगों को बेसहारा गौवंश को गौशाला तक पहुंचाने के लिए प्रयास करने होगें। राव नरबीर सिंह ने कहा कि गाय को हिंदू संस्कृति में मां का दर्जा दिया गया है और गऊ मां की रक्षा के लिए वर्तमान प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। गौसेवा एक सामाजिक कार्य है।
समाज की भागीदारी के बिना गौसेवा का कार्य पूर्ण नहीं हो सकता। इसलिए सभी लोगों को इस पुण्य कार्य के लिए आगे आना चाहिए तथा हमें अपनी नेक कमाई में से कुछ हिस्सा गौ सेवा के लिए भी निकालना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर बगथला गौशाला के लिए 11 लाख रूपए देने की घोषणा की।
उन्होंने नागरिकों से गौवंश के संरक्षण में अपना सहयोग देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा गौसेवा आयोग की वेबसाइट एचएआर गौसेवा.जीओवी.इन भी शुरू की जा चुकी है जिस पर से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर जिला पार्षद रोहन यादव, धर्मेन्द्र खटाना, शारदा यादव, नीतू चौधरी, हरीश झाबुआ, नरेन्द्र खटाना, हरिओम सरपंच, हरिनंद यादव सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
– शशि सैनी


Download Android App
Download iOS App



