चंडीगढ़ : मुख्यमंन्त्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा है कि सांसद दुष्यंत चौटाला जिस मुद्दे को उठाकर भ्रामक प्रचार करने की कोशिश कर रहे हैं, उस मामले में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के आदेश पर जुलाई 2018 में ही हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण अनुमति को रद्द कर चुका है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा इस मामले में कभी भी किसी को लाभ पहुंचाने का प्रयास नहीं हुआ।
आज यहां सांसद दुष्यंत चौटाला द्वारा लगाए गए आरोप पर पलटवार करते हुए मुख्यमंन्त्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने आरोपो को निराधार बताते हुए सुर्खियां बटोरने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान को लेकर सांसद सवाल उठा रहे हैं, वहां के लिए वर्ष 2008 में लाइसेंस संख्या 62 तथा वर्ष 2010 में लाइसेंस संख्या 93 के माध्यम से 3.662 एकड़ जमीन को व्यवसायिक उपयोग के लिए मंजूर किया गया था। नक्शा अनुसार ही आवागमन के लिए सर्विस रोड से रास्ता मंजूर किया गया था।
इसके बाद डेवलपर द्वारा एनएचएआई से नेशनल हाइवे आठ से आवागमन के लिए अनुमति मांगी गई, जिसपर एनएचएआई द्वारा अस्थाई अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसी आधार पर तत्कालीन हुडा विभाग की डिवीजन तीन के एक्सईएन ने कुछ शर्तों के आधार पर ही 23 जनवरी 2018 को हरित पट्टी से 9 मीटर एंट्री-एग्जिट रोड की अनुमति प्रदान की गई। इसके कुछ समय बाद ही एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जीएमडीए के सीईओ ने 27 जून को कम्पनी को नोटिस जारी कर दिया।
नोटिस का 29 जून को कम्पनी द्वारा जवाब दिया गया, जिसके बाद जीएमडीए ने 3 जुलाई 2018 को सुनवाई निश्चित कर दी। इसके एक सप्ताह के अंदर ही जीएमडीए ने आदेश पास करते हुए हरित पट्टी को पुराने स्वरूप में लाने के निर्देश दिए। इसी आदेश की अनुपालना करते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण गुरुग्राम की डिवीजन तीन के एक्सईएन ने 29 जुलाई 2018 को डेवलपर को दी गई अनुमति को रद्द कर दिया। मुख्यमंन्त्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि विपक्ष को बीते साढ़े चार सालों में मुख्यमंत्री के खिलाफ कुछ नहीं मिला तो अब अनर्गल आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।
(आहूजा)


Download Android App
Download iOS App



