हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना उपनगर में किराये के घर में रहने वाला तीन सदस्यी परिवार मृत पाया गया है। मरने वालों में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और डेढ़ साल की बच्ची शामिल हैं। पुलिस को संदेह है कि व्यक्ति ने पत्नी और बच्ची की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली होगी।
टोहाना पुलिस थाने के प्रभारी व निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को फोन पर बताया कि उन्हें घटना की जानकारी बुधवार रात को मिली। उन्होंने कहा, “महिला मंजू देवी (32) और उनकी बेटी बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत गला घोंटने से हुई थी। सुनील कुमार (35), का शव स्टोर रूम में लटका हुआ मिला।”
पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संभवत: व्यक्ति ने पत्नी और बच्ची की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि दंपति के संबंध आपस में अच्छे नहीं थे और उनके बीच अकसर झगड़ा होता था। थाना प्रभारी ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App



