रेवाड़ी : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नडडा ने कहा कि जो भाजपा से बाहर गया, समाप्त हो गया। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। हमारी नीति, नीयत और नेता साफ है और परिणाम भी बेहतर आएंगे। श्री नड्डा रेवाड़ी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह आदि ने पगड़ी बांधकर और फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।
नडडा ने इस मौके पर कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ मेरा जुड़ाव 2013 में हुआ। पीएम नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और मंत्री राव के कुशल मार्गदर्शन में लोकसभा चुनाव में आपने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाया। इसके लिए मैं पार्टी की ओर से तहेदिल से आप सबका आभार जताता हूं। उन्होंने कहा कि हम दोनों ताकत चाहते हैं। केंद्र में आपने भाजपा की सरकार बनाई और अब हरियाणा में भी हम भाजपा की सरकार देखना चाहते हैं। दोनों ताकतें हमारे पास होनी चाहिए। हमें दोनों हाथों से आपकी सेवा करने का मौका दें।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा ने देश को नई सैन्य शक्ति बनाया है। ऐसा होने से हरियाणा का गौरव बढ़ा है, क्योंकि यहां हर गांव का युवा सेना में है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें भाजपा का अच्छा सेवक बताने के बाद कहा कि कांग्रेस ने वन रैंक-वन पैंशन योजना के लिए मात्र 100 करोड़ रूपए का प्रावधान किया था मगर पीएम मोदी ने अब इस योजना के माध्यम से 22 लाख लोगों को 12 हजार करोड़ रूपए का लाभ दिया है।
उन्होंने सेंट्रल आर्गनाइज स्टेटस का जिक्र करते हुए सशस्त्र बलों के सेवारत जवानों को इसका लाभ दिया जा रहा है। नडडा ने कहा कि भाजपा ने सैन्य ताकत बढाने के लिए 7 हजार पनडुबी, 78 तेजस एमके 10 दिए और ऐसा देश में पहली बार हुआ। आपको देश में बुलेट प्रूफ जैकेट का घोटाला याद होगा। हमारी सरकार ने आज एक लाख 8 हजार बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने के साथ ही अब इनके निर्यात की क्षमता भी हासिल कर ली है। हजार करोड़ रूपए की लागत से मनेठी में बनने वाले एम्स की स्वीकृति प्रदान की, जो कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य संस्थान बनेगा।