नारनौल: इनैलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने जिला के विभिन्न स्थानों को दौरा कर पार्टी के कार्यकत्र्ताओं की बैठक कर उनमें नया जोश भरने का काम किया है। इस अवसर पर आज शहर के सिंघाना रोड स्थित सन साईन स्कूल के प्रांगण में पार्टी कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे 14 दिन के लिए पैरोल पर आए थे। इस दौरान उनके मन में था कि वे प्रदेश के सभी लोगों से मिले, लेकिन समय कम होने तथा गांवों की संख्या ज्यादा होने के कारण वे ऐसा नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मंशा थी कि उनको जेल में डालकर इनेलो का जड़ से खत्म कर दिया जाए, लेकिन उनकी मंशा पूरी नहीं हुई। बल्कि उनके जेल जाने के बाद पार्टी ज्यादा मजबूत हुई है।
यह बात वे नहीं बल्कि विरोधी दल के लोग भी स्वीकार करते हैं। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब आने वाला समय इनेलो का है तथा हम सभी का फर्ज बनता है कि पार्टी को ज्यादा मजबूत किया जाए, ताकि आने वाले चुनाव में विरोधी दलों उनके मुकाबले में कहीं नहीं टिकें। उन्होंने कहा कि उनके जेल जाने के बाद इस बात का भी पता चल गया है कि कौन-कौन व्यक्ति पार्टी के प्रति गद्दार हैं तथा कौन-कौन व्यक्ति पार्टी के प्रति वफादार हैं। भविष्य में इस बात का निर्णय कर लें कि गद्दार व्यक्ति को पार्टी से दूर रखा जाए। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल की मंशा यह थी कि हरियाणा प्रदेश देश में सबसे आगे रहे तथा यहां के हर वर्ग सुखी तथा खुशहाल हो। लेकिन आज प्रदेश की वर्तमान सरकार ने प्रदेश को कहीं का नहीं छोड़ा तथा मौजूदा सरकार से हर व्यक्ति दुखी है।
इसीलिए प्रदेश का हर व्यक्ति इस सरकार से छुटकारा चाहता है। इस जनविरोधी सरकार को भगाने का काम हर व्यक्ति का धर्म बन गया है। उन्होंने कहा कि उनका कसूर केवल यह है कि उन्होंने प्रदेश के 3200 युवाओं को रोटी-रोजी देकर उनका भला किया था। आने वाले समय में भी वे ऐसा कार्य करने से कभी नहीं चूकेंगे। उन्होंने पार्टी के कार्यकत्र्ताओं को भरोसा दिलाया है कि आने वाले चुनाव से पूर्व वे उनके बीच में अवश्य आएंगे तथा तब तक रहेंगे जब तक कि उनकी सरकार का गठन न हो जाए। इस अवसर पर इनेलो के जिला प्रधान सतबीर सिंह नोताना, नांगल चौधरी के पूर्व राव बहादुरसिंह, राव होशियार सिंह, मंजू चौधरी, रघुबीर सैनी, सुदेश ढिल्लो, सुमित्रा सोनी, केदारनाथ गर्ग सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
– महेश कुमार


Download Android App
Download iOS App



