सांसद बना तो पटौदी को दूंगा अलग पहचान : कैप्टन अजय

Summary :

गुरुग्राम लोकसभा से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी कैप्टन अजय सिंह यादव को मंगलवार को पटौदी विधानसभा के दलित समाज का साथ मिला।

पटौदी : गुरुग्राम लोकसभा से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी कैप्टन अजय सिंह यादव को मंगलवार को पटौदी विधानसभा के दलित समाज का साथ मिला। पटौदी स्थित गणपति गार्डन में दलित सम्मेलन हुआ, जिसमें समाज के लोग एकत्रित हुए और कैप्टन अजय सिंह यादव का साथ देने का वादा किया।

इसके उपरांत कैप्टन अजय सिंह यादव ने रामपुरा, जटोला, खंडेवला, करोला, महचाना, गुगाना, बिरेहडा, सिवाडी, सेखपुर माजरी, आलमदी, मुसेदपुर, खेडा खुरमपुर, फाजिलपुर, ताजनगर, जोनियावास, जमालपुर, बासलाम्बी, खरकडी, पुखरपुर, राठीवास चौक,सिधरावली और पंचगांव का दौरा किया। यहां पंहूचने पर कैप्टन अजय सिंह यादव का ग्रामीणों द्वारा फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। यहां ग्रामिणों को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने विकास कार्यों को ठप कर दिया है।

भाजपा ने हरियाणा को प्रगति के पथ से उतारकर तीन बार जलाने का काम किया है। इस झूठ फरेब की सरकार से लोगों का मोह भंग हो चुका है। अब जुमेलबाजों की सरकार को उखाड फेंकने का वक्त आ गया है। भाजपा ने पिछले चुनाव में लंबे चौडे वादे तो किए लेकिन पूरा एक भी नही किया। श्री यादव ने का कि आपके पास कोई भाजपा नेता आए तो उनसे उनका 2014 को घोषणा पत्र पढने को कहना और पूछना कि उनमें से कितने कार्य पूरे हुए हैं।

यदि वादे पूरे नही हुए तो उनको इस बार क्यों वोट डालें। भाजपा ने ना रोजगार दिया, ना महिलाओं की सुरक्षा की, ना 15 लाख दिए, ना ही स्वामीनाथन रिर्पोट लागू की। यदि कैप्टन अजय सिंह सांसद बनता है तो पटौदी की पुरानी कसर भी निकाल देगा। पटौदी की गुरुग्राम लोकसभा में एक अलग पहचान होगी ऐसा काम कर दूंगा। श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस हर गरीब के खाते में हर वर्ष 72 हजार रूपये डालेगी। राहुल गांधी जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर व्यक्ति के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का काम किया।

Desk Team