हरियाणा में जींद के सदर थानाक्षेत्र में पुलिस ने जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान फरवरी 2017 में भड़काऊ भाषण देने के मामले में वांछित तथा हाल ही में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर को धमकी देने, और गाली-गलौच करने के आरोपी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
हाल ही में सोशल मीडिया पर बीबीपुर गांव के किसान डॉ. दलबीर का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह तीन कृषि कानूनों को लेकर खट्टर तथा मोदी को कथित रूप से गाली देता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह उन्हें बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी दे रहा है।
डीएसपी पुष्पा खत्री ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 में भड़काऊ बयानबाजी व गाली-गलौच करने का मामला दर्ज था, जिसमें वह वांछित था। खत्री के अनुसार अब फिर उसने प्रधानमंत्री तथा राज्य के मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया पर धमकी दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसपर राजद्रोह, मानहानि, धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है । अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. दलबीर पर 22 फरवरी 2017 को जाट आरक्षण के दौरान भड़काऊ भाषण देने तथा प्रधानमंत्री को गाली देने का मामला सदर थाना में दर्ज हुआ था। हालांकि, तब उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई थी। इस बीच, दलबीर की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को किसानों ने जींद-भिवानी रोड पर बीबीपुर गांव में जाम लगा दिया। किसानों ने पुलिस पर दलबीर की गलत तरीके से गिरफ्तारी करने के आरोप लगाते हुए उसकी तुरंत रिहाई की मांग की। डीएसपी पुष्पा खत्री ने किसानों को समझा कर जाम खुलवाया।


Download Android App
Download iOS App



