चंडीगढ : कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे की शुरुआत का काम एक बार फिर से लटक गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिमोट के जरिये दस नवंबर को केएमपी की शुरुआत दिल्ली से करने वाले थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री खुद हरियाणा आकर केएमपी की शुरुआत करेंगे। उनका आगमन 17 या 18 नवंबर को संभव है। इस दिन प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के गुरुग्राम जिले में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की जनसभा गुरुग्राम के मानेसर में हो सकती है। इसके लिए केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहले हरियाणा दिवस पर केएमपी की शुरुआत होनी थी, लेकिन प्रधानमंत्री की चुनावी व्यस्तताओं और केएमपी के निर्माण में कुछ कमी के चलते इसे दस नवंबर पर टाल दिया गया था। केएमपी के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल पिछले दिनों प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। पहले प्रधानमंत्री ने रिमोट के जरिये केएमपी की शुरुआत करने की बात कही थी, मगर अब प्रधानमंत्री खुद हरियाणा आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने इस बारे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत से बातचीत की है। राव इंद्रजीत को जानकारी दी गई कि अब प्रधानमंत्री खुद राज्य में जनसभा के जरिये इस अति महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत करेंगे। केएमपी 2006 में शुरू हुआ था और 2010 में इसे चालू हो जाना चाहिए था, मगर परियोजना में आठ साल की देरी हो चुकी है।
केएमपी एक्सप्रेस-वे शुरू होने से गुरुग्राम की दशा सुधरेगी : नरबीर
(राजेश जैन)


Download Android App
Download iOS App



