पानीपत: फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत द्वारा कुछ माह पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर हनीप्रीत के परिजनों के आग्रह पर उनके वकील मोमिन मलिक ने राखी सांवत के मुम्बई स्थित पते पर 5 करोड़ रूपये का मान हानि का कानूनी नोटिस भेजा हैं। इसमें कहा गया हैं कि या तो राखी सांवत हनीप्रीत के खिलाफ की गई सभी आपत्तिजनक टिप्पणियों पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे नहीं तो उनके खिलाफ 5 करोड़ रूपये मान हानि का दावा दायर किया जाएगा।
एडवोकेट मोमिन मलिक ने पानीपत स्थित अपने चैंबर में आज पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि हनीप्रीत के परिजन उनसे यहां पर दो बार मिलने के लिए आ चुके हैं और उन्होंने मुझसे अभिनेत्री राखी सांवत द्वारा हनीप्रीत के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर मदद करने की गुहार लगाई थी और उन्होंने इस मामले में मुझे अपना वकील नियुक्त किया हैं। इस मौके पर एडवोकेट मोमिन मलिक ने बताया कि अब भेजे गए मान हानि के नोटिस में राखी सांवत को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का एक माह का समय दिया गया हैं।
यदि उसने एक माह में सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो उसके उपरांत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मोमिन मलिक ने बताया कि अभिनेत्री राखी सांवत ने सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए कुछ न्यूज चैनलों के समक्ष हनीप्रीत को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिससे हनीप्रीत को गहरा आघात लगा था। अब हनीप्रीत के परिजनों के आग्रह पर राखी सांवत को मान हानि का नोटिस भेजा गया हैं।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



