Rohtak Woman Body Found In Water Tank: हरियाणा के रोहतक जिले से रिश्तों पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय युवती की शादी के 8 महीने बाद मौत से हड़कंप मच गया है। युवती का शव उसके ससुराल की छत पर रखी प्लास्टिक की पानी की टंकी से बरामद हुआ। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और कार की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरा मामला रोहतक की नेहरू कॉलोनी का है। झज्जर जिले के माछरौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह का कहना है कि उनकी बेटी चेतना की शादी दिसंबर 2025 में मनीष के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही कथित तौर पर चेतना को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। परिवार के मुताबिक इस विवाद को सुलझाने के लिए दो-तीन बार पंचायत भी हुई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद चेतना को परेशान किया जाता रहा।
पति पर कार मांगने का आरोप
चेतना के पिता वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उसका पति मनीष कार की मांग कर रहा था। उन्होंने कई बार बेटी के ससुराल जाकर परिवार के लोगों से बातचीत की और चेतना को परेशान नहीं करने की अपील की। 15 अगस्त को भी वह अपनी बेटी की ससुराल गए थे। वह चेतना को अपने साथ मायके लाना चाहते थे, लेकिन ससुराल वालों ने उसे भेजने से मना कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और चेतना को धमकी दी गई।
परिवार का कहना है कि, 16 अगस्त की रात करीब 10 बजे चेतना के ससुराल से फोन आया। उन्हें बताया गया कि चेतना घर से कहीं चली गई है और उसका पता नहीं चल रहा है। सूचना मिलने के बाद वीरेंद्र रात में ही रोहतक पहुंचे। उन्होंने अपने साढ़ू कुलदीप राठी के साथ चेतना की तलाश शुरू की। इसके साथ ही पुलिस को चेतना के गायब होने की खबर दी गई।
एक घंटे बाद पानी की टंकी में मिला शव
मायके पक्ष का आरोप है कि तलाश के दौरान रात करीब 11 बजे के बाद ससुराल वालों ने बताया कि चेतना का शव घर की छत पर रखी पानी की टंकी में मिला है। जिसमें करीब 2.4 फीट पानी था। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या करने के बाद शव को पानी की टंकी में छिपाया गया और पहले उसके गायब होने की बात कहकर परिवार और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई।
वीरेंद्र ने चेतना के पति मनीष, ससुर राजेंद्र और सास शीला देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दहेज और कार की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले को लेकर सिटी थाना पुलिस के जांच अधिकारी ASI संजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को युवती का शव पानी की टंकी में होने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और शव को टंकी से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट समेत अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: अंबाला में सिख संगठनों का हंगामा! NH-44 जाम, दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर बवाल



Download Android App
Download iOS App




