रोहतक: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार हरियाणा स्वर्णजयंती कार्यक्रम पर खर्च के मामले में श्वेतपत्र जारी करे। पहले तो सरकार ने स्वर्ण जयंती कार्यक्रम पर 1700 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की थी। अब जब विपक्षी दल खर्च पर सवाल उठा रहे हैं तो वित्त मंत्री 125 करोड़ खर्च के दावे कर रहे हैं जबकि अन्य मंत्री अलग अलग राशि व्यय होने के दावे कर रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार श्वेत पत्र जारी करे कि इतनी बड़ी राशि कहां पर खर्च हुई जिसमें घोटाले की बू आती है। जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुए दंगों के मामले में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु द्वारा उन्हें दोषी करार दिए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुए दंगों की जांच के लिए प्रकाश सिंह समिति का गठन किया था। समिति ने दंगों के लिए सरकार व अधिकारियों को ही दोषी करार दिया था। उन्होंने कहा कि अब कैप्टन अभिमन्यु उनपर झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जनता सब जानती है कि दंगों के पीछे किसका हाथ था। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि 1966 में हरियाणा के गठन के बाद से 2015 तक दंगों के दौरान इतने लोगों की जानें नहीं गई जितनी भाजपा सरकार के तीन साल के शासनकाल के दौरान लोगों की मौतें हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने तीन सालों में प्रदेश को तीन बार जलाने का काम किया। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार दशा व दिशाहीन है और जन विरोधी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने प्रति वर्ष दो करोड़ बेरोजगारों को नौकरियां देने का वादा किया था जबकि पिछले तीन सालों में मात्र चार लाख के करीब ही नौकरियां दी हैं।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के मामले को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि नोटबंदी व जीएसटी में देश में बेरोजगारी बढ़ी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस नोट बंदी के विरोध में 8 नवंबर को काला दिवस मनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में सरकार ने 3600 एकड़ भूमि का अवार्ड घोषित होने के बाद भी डिनोटिफिकेशन दर्शाता है कि सरकार अनुभवहीन है। जबकि सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय है कि अवार्ड घोषित होने के बाद सरकार अधिग्रहित जमीन का डिनोटिफिकेशन नहीं कर सकती। पूर्व मुख्यमंत्री ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सोहना में अधिग्रहित भूमि मामले में सीबीआई जांच के आदेश पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने इस मामले में कोई अनियमितताएं नहीं बरती है और वे पूरी तरह से पाक साफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में पूरे तथ्य पेश नहीं किए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विज्ञापन एवं मनोरंजन की सरकार है। पूर्व मुख्यमंत्री ने सांपला में बनने वाले सेक्टर को रद्द करने को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि पहली ऐसी सरकार है, जिसने 3600 एकड जमीन का आवार्ड सुनाने के बाद ही उसे नोटिफाई किया है। यह सरकार की सबसे फेल्योर है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जीएसटी व नोटबंदी को लेकर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि पूरे देश में कांग्रेस आठ नंवबर को काला दिवस मनाएगी। गुरूग्राम में हैपनिंग हरियाणा के नाम पर सरकार ने कई लाख करोडो के विदेशी निवेश का दावा किया था, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं है। अब तो सरकार को झूठ बोलने में भी शर्म नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात व हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनाएगी और भाजपा को अपनी औकात का पता चल जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, संत कुमार, चक्रवर्ती शर्मा, कुलदीप नंबरदार सहित अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
(मनमोहन कथूरिया)


Download Android App
Download iOS App



