रोहतक : चुनाव में नेताओं का एक-दूसरे पर हमला जारी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ में जनसभाएं कर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि सोनिया माता को देश और कांग्रेस की चिंता नहीं है। वह केवल बेटे राहुल गांधी को बचाने में जुटी हुई हैं।
मनाेहर लाल ने रोहतक के कलानौर हलके में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और राष्ट्रवाद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कांग्रेस के वंशवाद पर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त होने के बाद से कोई आतंकी घटना नहीं हुई है। हमारे लिए देश है तो सब कुछ है, लेकिन विपक्ष के पास राष्ट्र हित की भावना जैसी कोई बात नहीं।
हमने पिछले पांच साल में भ्रष्टाचार को समाप्त किया और भाई-भतीजा, जीजा-साला का घर भरने वालों की कोर्ट के बाहर कतार लगी है। उनका जेल जाना तय है। चुनावी सभा में मनोहर लाल ने कहा हमने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया और इस अभियान में कामयाब भी हुए, लेकिन कांग्रेस में बेटा बचाओ अभियान चल रहा है। सोनिया माता सिर्फ अपने बेटे को बचाने में लगी हैं। मनोहर लाल ने कांग्रेस में मचे घमासान पर कहा कि कांग्रेसी एक दूसरे की जड़ काटने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस कहती हैं कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी है।
कांग्रेस को प्रदेश की नहीं अपने दलालों की चिंता है। जो लोग पहले नौकरी के नाम पर दलाली लेते थे। उनकी दलाली बंद करके उनके कुर्ते पजामे को खूंटी पर टांगने का काम भाजपा सरकार ने किया है। इस दौरान कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।


Download Android App
Download iOS App



