जींद : जिले के गांव मलिकपुर में ससुराल वालों की प्रताडना से तंग आकर एक महिला ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर सफीदों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि गांव मलिकपुर निवासी धर्मबीर उर्फ पप्पू की पत्नी रेखा (32) ने संदिग्ध परिस्थितियों के चलते घर में फांसी का फंदा लगा लिया। घटना की सूचना पाकर सफीदों थाना पुलिस तथा मायका पक्ष मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता गांव निगदू करनाल निवासी रखला राम ने आरोप लगाया कि रेखा को ससुरालीजन तंग करते थे। अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी, जिससे आहत होकर उसकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के पिता रखला राम की शिकायत पर पति धर्मबीर, जेठ सेठी तथा उसकी पत्नी, ननद बेदो के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर पति धर्मबीर को गिरफ्तार कर लिया। सफीदों थाना के जांच अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि विवाहिता को ससुराली वालों प्रताडि़त करते थे। जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है।
(भाषा)


Download Android App
Download iOS App



