पानीपत : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि ईमानदारी का ढोंग रचने वाली भाजपा सरकार का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। जिससे आज देश व प्रदेश की जनता चुनाव का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्व. राजीव गांधी की सोच थी कि जब तक पंचायतें मजबूत नहीं होगी तब तक देश मजबूत नहीं हो सकता और न ही देश तरक्की कर सकता। इसी बात को ध्यान में रखकर हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस के पंचायती राज प्रकोष्ठ को मजबूत बनाया जा रहा हैं। डा.अशोक तंवर पानीपत के गांव बबैल में बीति शाम को कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
सम्मेलन का आयोजन कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष यशपाल अहलावत द्वारा स्व. राजीव गांधी के जन्म दिन की पूर्व संध्या पर किया गया। सम्मेलन में पहुंचने पर डा. अशोक तंवर ने सबसे पहले स्व. राजीव गांधी की फोटो पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान ने जीटी रोड पर गांव सिवाह में डा. अशोक तंवर का जोरदार स्वागत किया और उन्हें बाइकों व कारों के लंबे काफिले के साथ खुली जीप में गांव बबैल में लेकर जाया गया। डा. अशोक तंवर के साथ पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान,वरिष्ठ नेता ओमवीर पंवार, यशपाल अहलावत आदि मौजूद रहे।
केन्द्र और हरियाणा की सरकार केवल हवा में ही तैरती रही 4 सालों में : अशोक तंवर
डा. अशोक तंवर ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले नोटबंदी व फिर जीएसटी लगाकर देश के व्यापारियों की कमर तोडऩे का काम किया। वहीं किसानों के द्वारा फसलों में प्रयोग किए जाने वाले खाद, दवाईयों आदि पर जीएसटी लगाकर उन्हें महंगा करने का काम किया। डा. अशोक तंवर ने कहा कि वे पूरे दावे के साथ कहते हैं कि आने वाला समय कांग्रेस का हैं। इस अवसर पर पंचायती राज के चेयरमैन सुनील पंवार, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, ओमवीर पंवार, पूर्व सांसद ईश्वर सिंह, पूर्व विधायिका राज रानी पूनम, श्री प्रकाश बंसल, मोहकम छौक्कर, पुनम सिंगल, अशोक ग्रोवर, नरेश जांगड़ा आदि मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



