गुरुग्राम : हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम जिला के गांव कांकरौला में विश्वविद्यालय निर्माण का कार्य अप्रैल माह में शुरू हो जाएगा। इस विश्वविद्यालय के बनने के बाद यहां विकास चक्र पहले से अधिक तेज गति से घूमेगा। वे आज गुरुग्राम जिला के गांव कांकरौला में मारूति सुजुकी इंडिया लि. द्वारा लगाए गए वाटर एटीएम का उद्घाटन करने उपरांत यहां उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ग्रामीणों ने लोक निर्माण मंत्री का पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया। यह वाटर एटीएम लगभग 25 लाख रूपये की लागत से लगवाया गया है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में हमेशा यही प्रयास किया है कि विकास कार्य लोगों की अपेक्षा और आकांक्षाओं से अधिक हों।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक जिले में विकास कार्य क्षेत्रवाद की भावना से ऊपर उठकर करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जिला हमेशा पिछली सरकारों के कार्यकाल में हमेशा उपेक्षित रहा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पडऩे वाले गुरुग्राम शहर के तीन मुख्य चौराहों पर प्रतिदिन लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या को वर्तमान राज्य सरकार ने समझा और लोगों को उस जाम से राहत दिलाने के लिए तीनो चौंको के सुधार का कार्य शुरू करवाया। इनमें से दो चौंकों पर अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसका उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा 20 जनवरी को किया जा चुका है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि इफ्को चौंक के सुधारीकरण का कार्य भी अंतिम चरण है जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
गांव कांकरौला के लोगों ने इस अवसर पर सीवरेज की समस्या लोक निर्माण मंत्री के समक्ष रखी जिस पर लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि मारूति कंपनी द्वारा गांव में सिवरेज बिछाने को लेकर सर्वे का काम पूरा किया जा चुका है और जल्द ही इस दिशा मेें काम शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ मारूति सुजूकी इंडिया लिमिटेड के कारपोरेट प्लानिंग के महाप्रबंधन जी पी चड्डा तथा सीएसआर के डीजीएम श्री एन के खंडेलवाल, कांकरौला गांव के सरपंच फकीर चंद, शिवनारायण ठेकेदार, जगन्नाथ नंबरदार, रोहताश , कृ ष्ण , बिशंबर यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– सतबीर , अरोड़ा


Download Android App
Download iOS App



