हरियाणा में लागू करना चाहते हैं सामाजिक सुरक्षा का मॉडल

Summary :

मनोहर लाल ने कहा कि आने वाले समय में हम हरियाणा में दुनिया के विकसित देशों की तर्ज पर सामाजिक सुरक्षा का मॉडल लागू करना चाहते है।

सोनीपत : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि आने वाले समय में हम हरियाणा में दुनिया के विकसित देशों की तर्ज पर सामाजिक सुरक्षा का मॉडल लागू करना चाहते है। इसके लिए आधार कार्ड से हटकर परिवार का डाटाबेस तैयार किया जा रहा है ताकि सामाजिक उन्नत्ति की नीतियां बनाने में हरियाणा देश का एक नीति अभियान राज्य बन सके। मुख्यमंत्री आज 73वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोनीपत पुलिस लाईन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में परेड़ का निरिक्षण करने उपरांत मुख्यअतिथि के रूप में बोल रहे थे। 
स्वतंत्रता दिवस एवं भाई-बहन के प्यार के प्रतीक रक्षाबंधन के पावन पर्व की प्रदेश के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए दोहरी खुशियां लेकर आया है। स्वतंत्रता दिवस से 10 दिन पूर्व 05 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू एवं कश्मीर से अनुछेद 370 व धारा 35ए हटाकर ठीक उसी तरह साहसिक निर्णय लिया जिस प्रकार महाभारत की लड़ाई में कृष्ण व अर्जुन की जोड़ी ने लिया था। 
उन्होंने कहा कि यह निर्णय सही मायने में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि देश की जनसंख्या का दो प्रतिशत प्रतिनिधित्व होने के बावजूद भी देश की सेनाओं मेंं हर 10वां सैनिक हरियाणा से है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों से जम्मू एवं कश्मीर से हर दिन किसी न किसी सैनिक की शहादत का  ताबूत देश के किसी न किसी राज्य में आता है। हरियाणा के सैनिक शहादत के मामले में सदैव आगे रहे है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व ने अनुछेद 370 व धारा 35ए हटाने का जो फैसला लिया उससे शहीदों की शहादत में कमी आएगी। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये धाराएं जम्मू एवं कश्मीर के लोगों और शेष भारत के मध्य जुड़ाव में एक बहुत बड़ी बाधा थी, जिसे समाप्त करके प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने सही मायने में जम्मू एवं कश्मीर को शेष भारत के साथ जोडऩे का काम किया है तथा इसके साथ ही 70 वर्षों से लम्बित चली आ रही एक जटिल समस्या का समाधान हुआ है। केन्द्र सरकार का यह प्रयास कश्मीर घाटी में देश की एकता व खण्डता की रक्षा व नागरिकों की सुरक्षा के लिए शहीद हुए हमारे जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि भी है। 

Desk Team