गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आज 71वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम के चौधरी सुरेंद्र सिंह मैमोरियल क्रिकेट पवेलियन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। उन्होंने देश की आजादी आंदोलन से लेकर अब सीमाओं की रक्षा करते हुए प्राणो की शहादत देने वाले शहीदों को नमन किया। इस मौके पर उन्होंने देश के सभी जाने-अनजाने शहीदों को याद करते हुए प्रदेश में वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा 1025 दिनों में अब तक किए गए कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि हरियाणा में हमने व्यवस्था को बदलने का बीड़ा उठाया है, जिसके परिणाम आने शुरू हो गए हैं। प्रदेश में अब भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था धीरे-धीरे अपना स्थान ले रही है, ई तकनीक से सरकार के कामकाज की स्पीड बढ़ी है। तबादले एवं नौकरियों में पारदर्शिता आई है।
उन्होंने कहा कि जब से हरियाणा बना है सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार, हेराफेरी, भाई-भतीजावाद एवं क्षेत्रवाद कैंसर की बीमारी की तरह फैला हुआ था, वर्तमान भाजपा सरकार ने पहली दफा इस कैंसर की बीमारी को जड़ से उखाडऩे का काम किया है। आज हरियाणा में नौकरियां मैरिट पर मिलती हैं। प्रदेश सरकार ने उन युवाओं में हौसला पैदा किया है जो सिस्टम से तंग आकर घर बैठ गए थे। आज उन्हें विश्वास हो गया है कि उन्हें भी नौकरी मिल सकती है। युवाओं के मन में यह धारणा बैठ गई थी कि नौकरियां तो ‘जैक’ से मिलती हैं। वर्तमान भाजपा सरकार ने वो जैक तोडऩे का काम किया है। अब कोई सिफारिश या जैक की जरूरत नही है। मुख्यमंत्री ने कहा ”मैंने हर आम गरीब, जरूरतमंद, सबसे कमजोर आदमी के हाथ काबिलियत का जैक पकड़ा दिया है। बस काबिलियत का जैक लगाओ और नौकरी पाओ”। तबादलों में भ्रष्टाचार बंद हो गया है। अध्यापकों के तबादले घर बैठे ऑनलाईन हो रहे हैं। प्रदेश सरकार का मूलमंत्र है कि नौकरी तुम अपनी मर्जी की जगह करो पर सरकार को रिजल्ट दे दो।
– एमके अरोड़ा, शशि सैनी, सतबीर भारद्वाज


Download Android App
Download iOS App



