जहां भी जाते हैं सीएम झूठ की पोटली साथ लेकर चलते हैं : अभय चौटाला

Summary :

अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में अगली सरकार इनेलो-बसपा गठबंधन की बनेगी। सरकार बनते ही किसानों का 100 फीसदी कर्जा माफ किया जाएगा।

करनाल : प्रतिपक्ष नेता एवं विधायक अभय चौटाला ने कहा कि सीएम मनोहर लाल जहां भी जाते हैं, झूठ की पोटली साथ लेकर चलते हैं। मौके पर जितना झूठ बांटने की जरूरत होती है। उतना झूठ लोगों को बांट देते हैं। उन्होंने कहा कि पहले जाट समुदाय के साथ सीएम ने धोखा किया और फिर कर्मचारियों और गेस्ट टीचरों से। क्योंकि मुख्यमंत्री जानते थे कि कच्चे कर्मचारी पक्के नहीं हो पाएंगे और अदालत में आरक्षण पर रोक लग जाएगी। जेल भरो आन्दोलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए चौटाला ने कहा कि देश में भाजपा का सूपड़ा साफ हो रहा है। कांग्रेस की हालत भाजपा से भी पतली हो रही है। अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में अगली सरकार इनेलो-बसपा गठबंधन की बनेगी। सरकार बनते ही किसानों का 100 फीसदी कर्जा माफ किया जाएगा। गरीब कन्या के विवाह पर सरकार पांच लाख रुपए देगी। बुजुर्गों की पेंशन 2500 रुपए की जाएगी। हर घर में एक आदमी को सरकारी नौकरी दी जाएगी।

बिजली के दाम आधे किए जाएंगे। किसानों का टयूबवैल का बिल बिल्कुल माफ किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आज सरकार ने डयूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया था। पहले उन्होंने वहीं मंच पर गिरफ्तार कर लिया और फिर वहीं रिहा भी कर दिया। क्योंकि जेल में उनके पास जगह नहीं थी। उन्होंने किसानों के आन्दोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि सरकार किसानों के साथ दोगली नीती खेल रही है। इससे पहले एसवाईएल को लेकर इनेलो के जेल भरो आंदोलन के तहत हजारों कार्यकर्ता नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला की अगुवाई में करनाल में गिरफ्तारियां देने पहुंचे। सेक्टर 12 में अभय चौटाला और बसपा नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया। हालांकि भारी भीड़ को देखकर अधिकारियों के हाथ-पांव फूले रहे। अभय चौटाला ने कहा कि आज सभी कार्यकर्ता गिरफ्तारियां देकर जाएंगे और गिरफ्तारी देने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का नाम इनेलो के जलयुद्ध इतिहास में लिखा जाएगा।

मौके पर पहुंचे एसडीएम ने मंच से कहा कि वह हजारों कार्यकर्ताओं को यहीं गिरफ्तार कर रहे हैं और साथ ही रैली स्थल पर उन्हें हजारों लोगों को रिहा करने की घोषणा कर दी। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने झूठे वायदे कर देश और प्रदेश में सत्ता हथियाने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक के बाद एक बड़े-बड़े झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया है। भाजपा ने चुनाव के समय कहा था कि एसवाईएल का पानी पंजाब से हरियाणा लाया जाएगा। सत्ता हाथ लगते ही भाजपा नेता पानी लाने के वादे को भूल गए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भाजपा सरकार ने पंजाब से हरियाणा का पानी लाने की हिम्मत नहीं की। अब इनेलो ने एसवाईएल का पानी हरियाणा में लाने का बीड़ा उठाया है। हरियाणा के लाखों किसान इस संघर्ष में इनेलो के साथ खड़े है।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।

– हरीश चावला

Desk Team