एनआरआई के खिलाफ भी महिला आयोग करेगा कार्रवाई

Summary :

सीएम सिटी करनाल सहित प्रदेश के 5 जिलों में इस तरह के मामले सामने आए है। इसके बाद महिला आयोग ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर कर आगामी कारवाई की सिफारिश की।

रोहतक : शादी करने के बाद पत्नी को धोखा देकर विदेश जाने वाले एनआरआई के खिलाफ भी महिला आयोग सुनवाई करेगा। आयोग ने इस संबंध में विदेश मंत्रालय से संपर्क साधा है और इस तरह से विदेश जाने वाले आरोपियों के खिलाफ नोटिस भी भेजा है। विदेश से वापिस आकर एक एनआरआई ने आयोग के सामने अपना पक्ष रखा और बाद में आयोग ने पति-पत्नी के हुए मनमुटाव को दूर करवा कर युवक द्वारा पत्नी को विदेश ले जाने पर भी राजी किया।

सबसे बड़ी बात तो यह है कि सीएम सिटी करनाल सहित प्रदेश के पांच जिलों में इस तरह के मामले सामने आए है। इसके बाद महिला आयोग ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर कर आगामी कारवाई की सिफारिश की। विदेश मंत्रालय द्वारा महिला आयोग के नोटिस एनआरआई तक पहुंचाए गए। महिला आयोग के पास अब तक अलग-अलग मामलों को लेकर महिलाओं से संबंधित करीब दो हजार से अधिक शिकायतें आई है, जिनमें से अधिकतर शिकायतों के आधार पर आयोग ने नोटिस भेजकर करीब पांच सौ शिकायतों को निपटाया गया है।

पत्नियों को छोड़कर जाने वाले NRI पतियों पर विदेश मंत्रालय कसेगा शिकंजा, अगले सत्र में आएगा विधेयक

महिला आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन ने बताया कि विदेशी मामलों से जुड़ी भी कई शिकायतें मिली है। अधिकतर मामलों में यह बात सामने आई है कि शादी करने के कुछ दिन बाद ही युवक विदेश चला गया और वहां से विवाहिता को मैसेज भेज दिया कि उसके साथ संबंध नहीं रखने है। पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद आयोग ने इस बारे में विदेश मंत्रालय से भी संपर्क किया और आरोपी एनआरआई के खिलाफ नोटिस जारी किया गया।

इस तरह के एक दो नहीं बल्कि कई मामले आयोग के सामने आए है और यह मामले गुरुग्राम, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र व फरीदाबाद से अधिक आएं है। एक मामले में तो एनआरआई ने महिला आयोग के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखा, जिसपर आयोग ने पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को समाप्त करवाया है।

(मनमोहन कथूरिया)

Desk Team