रोहतक : कांग्रेस व इनेलो को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान व इनेलो पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश यादव ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा पार्टी का दामन थामा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने पार्टी में शामिल होने वाले लोगों को सदस्यता ग्रहण करवाई और उन्हें पूरा मान सम्मान देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व पटल पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि आठ सिंतबर को मेला ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पन्ना प्रमुखों को संबोधित करेंगे और आज प्रदेश में पन्ना प्रमुखों और कार्यकर्ताओं के कारण ही बीजेपी चुनाव लडऩे में सक्षम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा को प्रदेश में भरपूर समर्थन मिला है और प्रदेश की जनता ने दोबारा से भाजपा की बहुमत से सरकार बनाने का मन बना लिया है।
बाद में पत्रकारो से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने जजपा-बसपा के गठबंधन टूटने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिनका परिवार में ही गठबंधन नहीं रहा हो तो वह किसी पार्टी के साथ गठबंधन कहां तक चला पाते। बसपा का इतिहास पहले से ही लोग देख चुके हैं, जिसके साथ भी गठबंधन किया है उस गठबंधन का हश्र जनता के सामने है।


Download Android App
Download iOS App



