लोकसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कांग्रेस में नेतृत्व संकट के बीच, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को संयुक्त प्रगतिशील गठंबधन (सप्रंग) अध्यक्ष व पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी के साथ गहलोत की मुलाकात 40 मिनट से ज्यादा चली। कांग्रेस के पांचों मुख्यमंत्रियों के सोमवार को राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें कांग्रेस प्रमुख पद पर बने रहने का आग्रह करने के दो दिन बाद गहलोत ने सोनिया से मुलाकात की है। हालांकि, राहुल गांधी ने मुख्यमंत्रियों की मांगों को खारिज कर दिया है और उन्हें नए पार्टी अध्यक्ष की तलाश करने को कहा है।
बता दें कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद 25 मई को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की। कांग्रेस ने चुनाव में महज 52 सीटें जीती। राहुल खुद अपने गढ़ उत्तर प्रदेश के अमेठी में हार गए लेकिन केरल के वायनाड से जीतकर संसद पहुंचने में कामयाब रहे।


Download Android App
Download iOS App



