लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे पर अडिग राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि वह अब पार्टी के प्रमुख नहीं हैं और नए अध्यक्ष के लिए जल्द चुनाव होना चाहिए। राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में कहा, “मैं अध्यक्ष नहीं हूं। नए अध्यक्ष के लिए जल्द चुनाव हो।” उन्होंने यह भी कहा कि नए अध्यक्ष के लिए चुनाव एक महीने पहले हो जाना चाहिए था।
राहुल गांधी ने कहा, “पार्टी को और अधिक देरी के बिना नए अध्यक्ष पर जल्द फैसला करना चाहिए, मैं इस प्रक्रिया में कहीं नहीं हूं। मैंने पहले ही अपना इस्तीफा सौंप दिया है और मैं अब पार्टी अध्यक्ष नहीं हूं। सीडब्ल्यूसी को जल्द से जल्द बैठक बुलाकर फैसला करना चाहिए।”
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद 25 मई को हुई पार्टी कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि कार्य समिति के सदस्यों ने उनकी पेशकश को खारिज करते हुए उन्हें आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया था। इसके बाद से राहुल गांधी लगातार इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। हालांकि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे आग्रह किया है कि वह कांग्रेस का नेतृत्व करते रहें।


Download Android App
Download iOS App



