रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि पिछले पांच वर्षो में किसानों द्वारा आत्महत्या किए जाने की संख्या में गिरावट आई है। उन्होंने देश में किसानों की वर्तमान दुर्दशा के लिए कांग्रेस सरकारों को दोषी ठहराया। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र को किसानों की ‘भयानक दुर्दशा’ के लिए दोषी ठहराया था। इसके बाद सिंह ने उनके आरोप का जवाब दिया है।
रक्षामंत्री ने कहा, ‘जहां तक किसानों की स्थिति का सवाल है, यह केवल चार-पांच वर्षो में नहीं हुआ। जो लोग दशकों से सरकार चला रहे थे, वे किसानों की स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं।’ शून्यकाल के दौरान सिंह ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से उनकी स्थिति में सुधार हुआ है।
राहुल गांधी ने देश में किसानों की स्थिति को बताया ‘दयनीय’
उन्होंने कहा, ‘मैं दृढ़ता से कहता हूं कि इस सरकार द्वारा जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाया गया है, वह आजाद भारत के इतिहास में किसी भी पिछली सरकारों द्वारा नहीं बढ़ाया गया।’ मंत्री ने कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार, मोदी राज में किसानों की आय में 20-25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा, ‘हम कई काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस दिशा में कई उपाय भी किए हैं।’ राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के आरोप को नकारते हुए कहा, ‘पहले की सरकारों में अधिक आत्महत्याएं होती थीं’।


Download Android App
Download iOS App



