संसद के चालू सत्र को आगे बढ़ाने के प्रस्ताव पर राजनीतिक दलों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया आई और इस पर जल्द ही फैसला लिया जा सकता है। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने दी। भाजपा नेता ने बताया, “परामर्श की प्रक्रिया एक या दो दिनों में पूरी हो जाएगी। महत्वपूर्ण विधेयकों को चर्चा में शामिल करने के मद्देनजर संसद सत्र को एक सप्ताह के लिए बढ़ाया जा सकता है।”
सत्ताधारी पार्टी के राज्यसभा सदस्य ने बताया कि चालू सत्र के अगले चार दिनों में संसद में ज्यादा से ज्यादा छह विधेयकों पर चर्चा के बाद उन्हें पारित किया जा सकता है जबकि सरकार ने करीब 18-19 विधेयकों को सूचीबद्ध किया है। उन्होंने कहा, अधिक विधेयकों को शामिल करने के लिए सत्र को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। निजी सदस्य विधेयकों को शुक्रवार को शामिल किया गया। अब संसद की प्रभावी तौर पर कार्यवाही के लिए पूरे-पूरे तीन ही दिन बचे हैं।” संसद के चालू सत्र का समापन 26 जुलाई को होने जा रहा है।
उधर, कर्नाटक में जारी राजनीतिक संकट और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में जनजाति समुदाय के 10 लोगों की हत्या के मामले को लेकर कांग्रेस सदस्यों के विरोध प्रदर्शन के बीच सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित हुई। वहीं, दिवंगत सांसद रामचंद्र पासवान और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के सम्मान में लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। रामचंद्र पासवान का रविवार को निधन हो गया। इससे एक दिन पहले शनिवार को शीला दीक्षित का निधन हो गया था।


Download Android App
Download iOS App



