केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से एक विधेयक पर विचार के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से जुड़ी स्थायी समिति के जल्द पुनर्गठन का अनुरोध किया है। इस विधेयक का लक्ष्य सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों द्वारा मुहैया कराई जा रही सेवाओं का विनियमन करना है।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने राज्यसभा में 31 दिसंबर, 2018 को सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवर विधेयक, 2018 पेश किया था। यह विधेयक उस समय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण पर संसदीय समिति की सिफारिशों के लिए उसे भेजा गया था।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया, ‘‘स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू को पत्र लिखकर सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवर विधेयक पर जल्द विचार के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण पर संसदीय स्थाई समिति का पुनर्गठन जल्द करने का अनुरोध किया है।’’
इस विधेयक में एक भारतीय सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा परिषद के गठन और इससे जुड़ी राज्यों की परिषदों के गठन का प्रावधान है जो कि इस तरह के पेशेवर लोगों के लिए मानक तय करने में भूमिका निभाएंगी।


Download Android App
Download iOS App



