नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ‘मोदी सरकार एक साल के अंदर गिर जाएगी’ वाले दावे पर तीखा पलटवार किया है। भाटिया ने राहुल गांधी को ‘भस्मासुर’ करार देते हुए कहा कि हमें नहीं पता था कि भस्मासुर ज्योतिषी भी बन जाएंगे।
भाटिया ने कहा कि कल एक और ‘टूल किट’ भी चर्चा में आई, जिसमें यह कहा जा रहा है कि यह सरकार, जो पूरी ताकत से देश की जनता की सेवा कर रही है, एक साल के भीतर गिर जाएगी। मैं सबसे पहले यह कहना चाहूंगा कि हमें नहीं पता था कि भस्मासुर राहुल गांधी ज्योतिषी भी बन जाएंगे। अगर राहुल गांधी का मकसद अराजकता फैलाना है, तो हमारा संकल्प भारत को और भी ज्यादा मजबूत बनाना है। आप अपनी पूरी कोशिश कर लें, लेकिन हम भी भारत को आगे ले जाने के लिए दृढ़ हैं।
गौरव भाटिया ने कहा कि हम सभी राहुल गांधी की समझदारी का स्तर जानते हैं। अगर कोई व्यक्ति 56 साल की उम्र में भी समझदारी, स्थिरता या संयम हासिल नहीं कर पाता, तो फिर क्या कहा जा सकता है लेकिन इससे भी ज्यादा चिंता की बात यह है कि ऐसे बयान उस समय दिए जा रहे हैं, जब अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। दूसरा बड़ा संदेश यह है कि अगर मैं लोकतांत्रिक तरीकों से सत्ता में नहीं आ सकता, तो मैं लोकतंत्र और पूरे सिस्टम को ही तबाह करने की कोशिश करूंगा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश को कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन यह सरकार स्थिर है और बेहद मजबूत है। यह सरकार अंगद के पांव की तरह है। अगर 100 राहुल गांधी भी आ जाएं, तो भी इस सरकार को हिला नहीं सकते। सरकार गिरने की बात करने वाले राहुल गांधी खुद लोगों की नजरों में गिर चुके हैं और अभी और गिरना बाकी है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जैसा कि हम सभी जानते हैं, यह वैश्विक संकट का समय है और दुनियाभर के कई देश आर्थिक अस्थिरता का सामना कर रहे हैं। उनकी अर्थव्यवस्थाएं काफी कमजोर हो गई हैं। दूसरी ओर, पिछले 85 दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जबरदस्त मजबूती दिखाई है। भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत और स्थिर बनी हुई है। 140 करोड़ भारतीय पीएम मोदी के साथ है। इस चुनौती को परास्त कर भारत मजबूती के साथ बाहर निकलेगा।
भाटिया ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि जनता से जो फीडबैक हमें मिल रहा है, उसके अनुसार एक साल के अंदर कांग्रेस दो फाड़ हो जाएगी। कांग्रेस टूटेगी, राहुल गांधी का घमंड भी टूटेगा।
गौरव भाटिया ने कहा कि कांग्रेस के अन्य नेता राहुल गांधी के इस भारत-विरोधी और अराजक बयान से सहमत नहीं हैं। इस नकली गांधी परिवार के खिलाफ कांग्रेस में विद्रोह होगा। जब कांग्रेस पार्टी के अंदर ही नकली गांधी परिवार का विरोध होगा, तो वे देश की मिट्टी से मोहब्बत करने वाले लोगों के सामने टिक नहीं पाएंगे। रगों में देश-विरोधी खून वाले लोग अंत में भारत छोड़कर भाग जाएंगे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र ही ऐसा है कि जब युद्ध जैसी स्थिति बनी, तो एक जिम्मेदार विपक्षी दल के तौर पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नागरिकों से की गई अपील का स्वागत करना चाहिए था और कहना चाहिए था कि वे भी इसका पालन करेंगे। इसके बजाय, कांग्रेस के एक वेरिफाइड हैंडल से ऐसे संदेश फैलाए गए कि ‘गैस खत्म होने वाली है, जल्दी जाकर ले लो, लाइनें लग रही हैं’।
तेल की कीमतों पर बात करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि मैं कुछ डेटा भी पेश करना चाहता हूं जिससे पता चलता है कि पिछले 80 दिनों में अलग-अलग देशों में ईंधन की कीमतों में किस तरह का बदलाव आया है। अगर हम पेट्रोल की बात करें तो स्थिति कुछ इस प्रकार है। मलेशिया में 58 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, यूएसए में 46 फीसदी, कनाडा में 34 फीसदी, चीन में 22 फीसदी, ब्रिटेन में 20 फीसदी जबकि भारत में यह लगभग 4 फीसदी है।
उन्होंने कहा कि हॉर्मुज में जब अलग-अलग देशों के बहुत कम जहाज ही अपनी मंजिल तक पहुंच पा रहे थे, तब दो भारतीय जहाज वहां से रवाना हुए थे और भारत की ओर आ रहे थे तब पवन खेड़ा ने लिखा था कि ये दोनों जहाज भारत नहीं आएंगे लेकिन ये जहाज भारत आए तो फिर यह झूठा प्रचार क्यों। जॉर्ज सोरोस कह रहे थे या इल्हान उमर कह रही थीं कि ये जहाज भारत नहीं आएंगे। यह दूसरा झूठ है। यह ट्वीट भी डिलीट कर दिया गया, लेकिन यह झूठ बोला ही क्यों गया।
भाटिया ने आगे कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, दोनों ने ही आज ‘एक्स’ पर पोस्ट किया है। किसी भी वैश्विक चुनौती के समय, चाहे सत्ताधारी दल हो या विपक्ष, सभी को देश के साथ खड़ा होना चाहिए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और उन्होंने कुछ आंकड़े भी पेश किए हैं, लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि बाकी देशों की क्या स्थिति है और भारत कहां खड़ा है।
–आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



