राजस्थान में 1.3 गीगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन, मिलेंगे 1500 लोगों को रोजगार

Summary :

सौर ऊर्जा संयंत्र से राजस्थान में 1500 लोगों को नौकरी का अवसर

राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोखरण में 1.3 गीगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने किया। इस परियोजना से 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा और राज्य में सौर ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को बल मिलेगा. वर्तमान में राज्य में 41,883 मेगावाट की अक्षय ऊर्जा परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं, जिनमें लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गुरुवार को जैसलमेर जिले के पोखरण में रिन्यू पावर द्वारा स्थापित 1.3 गीगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान में सौर ऊर्जा उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार इसे साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

सस्ते दामों पर मिलेगी बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्लांट से न केवल राज्य की ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत होगी, बल्कि उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर बिजली भी मिलेगी। इसके अलावा, इस परियोजना से करीब 1500 लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा, “सौर ऊर्जा सबसे स्वच्छ, टिकाऊ और सुलभ विकल्प है। अब समय आ गया है कि हर घर इस ऊर्जा को अपनाए और खुद को ऊर्जा उत्पादक बनाए।”

राजस्थान बना अग्रणी राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बन गया है। केन्द्र सरकार द्वारा राज्य को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में प्रथम स्थान तथा सम्पूर्ण नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया है। वर्तमान में राज्य में 41,883 मेगावाट की अक्षय ऊर्जा परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं, जिनमें लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

मोदी सरकार की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अक्षय ऊर्जा के विजन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट अक्षय ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य रखा है, जिसमें राजस्थान की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी।

इसुजु मोटर्स इंडिया का निर्यात 24% बढ़कर 20,312 यूनिट पहुंचा

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।