13 Year Old Girl Kills Grandfather: केरल के अलाप्पुझा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 4 नाबालिगों को हिरासत में लिया है। इनमें 13 साल की एक लड़की और 17 साल के तीन लड़के शामिल हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में बुजुर्ग की हत्या के पीछे की वजह सोने के गहने हासिल करना था। मृतक की पहचान 67 वर्षीय शिवनकुट्टी के रूप में हुई है। वह हरिपद के करुवट्टा इलाके में किराए के मकान में रहते थे। घटना के समय वह घर में अकेले थे। बाद में उनका शव घर के अंदर मिला।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उनके गले में कपड़ा कसकर बांधा गया था। शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का लगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से सबूत जुटाए।
सोने के गहनों के लिए की हत्या?
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस का शक नाबालिगों की ओर गया। पुलिस के अनुसार, 13 साल की लड़की मृतक की रिश्तेदार थी और उसने बाकी आरोपियों को घर से जुड़ी जानकारी दी थी। पुलिस का आरोप है कि लड़की ने दूसरे नाबालिगों को बुजुर्ग के घर की लोकेशन और वहां मौजूद चीजों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद 17 साल के तीन लड़कों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम देने का काम किया है। लेकिन, इस मामले में सभी आरोप अभी जांच का हिस्सा हैं और पुलिस घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये हत्या घर में रखे सोने के आभूषण की वजह से अंजाम दी गई। आरोप है कि वारदात के बाद घर से गहने ले जाए गए। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि चोरी किए गए आभूषण कहां हैं और उन्हें बेचने की कोशिश की गई या नहीं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गहने बेचकर मिलने वाले पैसों से महंगी चीजें खरीदने की योजना थी। शुरुआती जांच में लड़की के लिए iPhone और उसके कथित बॉयफ्रेंड के लिए बाइक खरीदने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी इन दावों की पुष्टि कर रही है।
हत्या के बाद किया वीडियो कॉल
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात ये सामने आई जब पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद तीनों नाबालिग लड़कों ने लड़की को वीडियो कॉल किया था। इस दौरान उसे बुजुर्ग का शव दिखाए जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले आरोपियों के बीच कितनी बातचीत हुई थी। कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है।
शुरुआत में पुलिस को ये घटना चोरी या लूट के दौरान हुई हत्या की लगी लेकिन घटनास्थल से मिले सुराग और जांच के दौरान सामने आई जानकारियों ने मामले को नया मोड़ दे दिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हत्या की योजना कब बनी, आरोपी घर में किस तरह दाखिल हुए और वारदात के बाद गहनों का क्या किया गया। साथ ही 13 साल की लड़की की कथित भूमिका और अन्य नाबालिगों से उसके संपर्क की भी जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव पर एनडीए नेताओं ने कसा तंज, कहा-‘सपा चुनाव से पहले ही मान चुकी है हार’



Download Android App
Download iOS App




