देश में कोरोना के 17921 नए मामलों की पुष्टि, 133 और लोगों ने गंवाई जान

Summary :

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 133 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,58,063 हो गई।

देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर बरकरार है।  हर दिन संक्रमितों के आंकड़ों में वृद्धि दर्ज की जा रही है। इस बीच भारत में एक दिन में कोविड-19 के 17,921 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,12,62,707 हो गई, वहीं 1.09 करोड़ से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 133 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,58,063 हो गई। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,84,598 रह गई, जो कुल मामलों का 1.64 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,09,20,046 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.96 प्रतिशत है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.40 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी।
वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में अभी तक 22,34,79,877 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है। इनमें से 7,63,081 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई थी।

Desk Team