स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने सोमवार को कहा कि कोविड-19 टीके तैयार करने में 18-19 टीका कंपनियां जुटी हैं और वे नैदानिक परीक्षण के विभिन्न चरणों में हैं।
उन्होंने संवाददातओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगले दो-तीन हफ्तों में 50 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए कोविड टीकाकरण शुरू किया जाएगा। हर्षवर्धन ने कहा कि कोविड-19 टीकों को लेकर 18-20 कंपनियां प्रयासरत हैं और वे परीक्षण के विभिन्न चरणों में हैं। उन्होंने कहा कि भारत 20-25 देशों को टीकों की आपूर्ति करेगा।
हर्षवर्धन ने टीकों से संबंधित अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि सार्वजनिक टीके सुरक्षित और प्रभावी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले सात दिनों में देश के 188 जिलों में कोविड-19 के कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है जबकि 21 जिलों में 21 दिनों से कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है।
हर्षवर्धन ने लोगों से कोविड संबंधी उचित व्यवहार का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “यह महत्वपूर्ण है कि कोविड संबंधी उचित व्यवहार का पालन करते रहें, जिसे मैं वास्तविक टीकों के साथ सामाजिक टीका कहता हूं।’’ भारत ने देश में आपातकालीन उपयोग के लिए भारत बायोटेक और ऑक्सफोर्ड – एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित टीकों को मंजूरी दी है।


Download Android App
Download iOS App



