1984 सिख दंगे कांग्रेस की साजिश: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

Summary :

सिखों को प्रताड़ित करने में कांग्रेस का हाथ: कैलाश विजयवर्गीय

दिल्ली में साल 1984 में हुए सिख दंगों को लेकर आए अदालत के फैसले में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को दोषी ठहराया गया है। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को कहा है कि इस फैसले से साबित हो गया है कि यह दंगा कांग्रेस द्वारा प्रायोजित था दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने बुधवार को सज्जन कुमार को दोषी ठहराया। सजा 18 फरवरी को सुनाए जाने की संभावना है।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि काफी दिन से इस निर्णय की अपेक्षा थी। स्वतंत्रता के बाद इतना बड़ा दंगा कराने वाले लोग आजाद घूम रहे थे। सब कांग्रेस द्वारा प्रायोजित दंगा था। आज यह सिद्ध हो गया कि इस दंगे में कांग्रेस के नेताओं का हाथ था। उन्होंने कहा कि सिख समाज को 1984 के दंगों में किस तरीके से प्रताड़ित किया गया, यह पूरे देश ने देखा, इसमें कांग्रेस की भूमिका थी, यह निर्णय से साफ हो गया।

जब उनसे पूछा गया कि कमलनाथ का भी नाम इस मामले में आता रहा है, तो उन्होंने कहा जो भी सिख दंगों के दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होना चाहिए। इस देश के अंदर सिखों को हिंदू परंपरा से दूर करने का काम 1984 के दंगों ने किया, इसलिए यह बहुत बड़े पाप के जिम्मेदार हैं, कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा महाकुंभ में स्नान करने और कुंभ को इवेंट बताए जाने के सवाल पर तंज कसते हुए विजयवर्गीय ने कहा दिग्विजय सिंह नहाने चले गए, यह बहुत अच्छी बात है। वहां से निकलने के बाद उन्होंने ऐसा बयान दिया। कहा जाता है कि ऐसे लोगों पर कितना भी गंगाजल डालें, इन पर कोई असर नहीं होता क्योंकि गंगा जी से निकलने के बाद तो अच्छी बात करनी चाहिए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.