वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर भारत में लगातार बरकरार है। हर दिन कोरोना से संक्रमितों और मृतकों की संख्या में इजाफा हो रहा है। देश में कोरोना के मामले 15 लाख के आंकड़े के करीब है पूरे विश्व में संक्रमण के सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में तीसरे स्थान पर मौजूदगी को बरकरार रखा है लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी तेजी से बढ़ रही है।
मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,83,157 तक पहुंच गई है वहीं अब तक इस वायरस से 33,425 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 47,704 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या पंद्रह लाख के करीब हो गया है। इस दौरान कोरोना संक्रमण के कारण 654 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 33,425 हो चुका है।
मंत्रालय के नए आंकड़ों के अनुसार, भारत में कुल मामलों की संख्या 14,83,156 तक पहुंच गई, जिनमें से 33,425 लोगों की मौत भी शामिल है। वहीं 9,52,743 लोग ठीक हुए हैं और रिकवरी दर 63.92 फीसदी है। अभी सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,96,988 है। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में 7,924 नए मामलों के कारण अब कुल संख्या 3,83,723 हो गई है। इसके बाद तमिलनाडु (2,13,723), दिल्ली (1,31,219) और कर्नाटक (1,01,465) का स्थान रहा।
राष्ट्रीय राजधानी में एक दिन में 613 मामले दर्ज हुए। यहां 10,994 सक्रिय मामले हैं। 3,853 लोगों की मौत हुई है और 1,16,372 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। बता दें कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के तरफ से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। इस खतरनाक वायरस के फैलाव के कारण भारत अब संक्रमण के सर्वाधिक मामलों वाले देश में रविवार को तीसरे स्थान पर आ गया है। केंद्र सरकार के तरफ से देश में कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये 25 मार्च से लॉकडाउन लागू है।
लॉकडाउन में अब काफी रियायतें दी गयी है और चरणबद्ध तरीके से जिंदगी को वापस लाने के लिए देश में अनलॉक जारी है। देशभर में आवाजाही पर बंदिशों के साथ लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। इसके अलावा सोशल डिस्टैन्सिंग का पालन करना भी अनिवार्य कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



