देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 81,484 मामले सामने आये जबकि महामारी से निजात पाने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम 78,877 रहने से सक्रिय मामलों में 1,500 से अधिक की वृद्धि हुई तथा इसी अवधि में 1,095 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या एक लाख के करीब पहुंच गयी है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 63,94,069 पर पहुंच गयी है वहीं कोरोना मुक्त होने वालों की संख्या 53,52,078 हो गयी है। संक्रमण के नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या कम होने से पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामलों की संख्या 1,512 बढ़कर 9,42,217 हो गयी है। देश में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 99,773 पर पहुंच गयी है।
देश में सक्रिय मामले 14.74 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.56 फीसदी रह गये हैं जबकि, रोगमुक्त होने वालों की दर 83.70 प्रतिशत हो गयी है।कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 22 कम हाेकर 2,59,440 रह गये हैं जबकि 394 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 37,056 हो गयी है। इस दौरान 16,104 लोग संक्रमणमुक्त हुए जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 11,04,426 हो गयी।
दक्षिणी राज्य कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजों की संख्या में 2,796 की वृद्धि हुई है और राज्य में अब 1,10,431 सक्रिय मामले हैं। राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 8,994 पर पहुंच गया है तथा अब तक 4,92,412 लोग स्वस्थ हुए हैं।आंध्र प्रदेश में इस दौरान मरीजाें की संख्या 587 कम होने से सक्रिय मामले 57,858 रह गये। राज्य में अब तक 5,869 लोगों की मौत हुई है। वहीं कुल 6,36,508 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



