देश में कोरोना संक्रमण के रफ्तार लगातार धीमी पड़ती जा रही है और कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या में निरंतर इजाफे से रिकवरी दर बढ़कर 97 फीसदी पर आ गयी है वहीं सक्रिय मामलों में गिरावट का सिलसिला जारी है। इस बीच देश में अब तक 39,50,156 लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया जा चुका है।
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 8,635 नए मामले सामने आए जो पिछले आठ महीने में सबसे कम हैं, वहीं करीब नौ महीने के बाद संक्रमण से मौत के दैनिक मामलों की संख्या भी 100 से नीचे पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार की सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 8,635 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ सात लाख 66 हजार से अधिक हो गया है। इसी दौरान 13,423 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ चार लाख 48 हजार 406 हो गयी है।
वहीं सक्रिय मामले 1549 घटकर 1,63,353 रह गये हैं । इसी अवधि में 94 मरीजों की मौत हो गयी और मृतकों का आंकड़ा 1,54,486 हो गया। देश में रिकवरी दर बढ़कर 97 प्रतिशत और सक्रिय मामलों की दर घटकर 1.56 फीसदी रह गयी है जबकि मृत्युदर अभी 1.44 प्रतिशत है। भारत में सात अगस्त को संक्रमित लोगों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी।
संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, एक फरवरी तक कुल 19,77,52,057 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है। इनमें से 6,59,422 नमूनों का परीक्षण सोमवार को किया गया।


Download Android App
Download iOS App



