बुलंदशहर : टेंट में जा घुसा अनियंत्रित ट्रक, पीएसी के दो जवानों की हुई मौत

Summary :

यू टर्न लेते समय एक ट्रक डीसीएम से टकराकर अनियंत्रित होकर पीएसी के टेंट में जा घुसा। टेंट में बैठे दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में हाईवे-91 स्थित चार नंबर कट से यू टर्न लेते समय एक ट्रक डीसीएम से टकराकर अनियंत्रित होकर पीएसी के टेंट में जा घुसा। तैनात किए गए पीएसी के जवानों को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में टेंट में बैठे दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। 
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों जवानों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भिजवाया है। वहीं, घायलों को भी अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार किसान आंदोलन के चलते कानून व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सिकंदराबाद में विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। यहां पर पुलिस और पीएसी के जवान सुरक्षा के लिए तैनात हैं।
यह हादसा मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे  हुआ जब अनियंत्रित ट्रक ने टेंट में जा घुसा और ड्यूटी पर तैनात जवानों को कुचल दिया। मृतक पीएसी के दोनों जवान प्रवीण कुमार 22 वर्ष और प्रवीण कुमार 21 वर्ष गाजियाबाद के रहने वाले थे। दोनों मृतक जवान पीएसी 38 बटालियन अलीगढ़ के हैं।   

Desk Team