‘आप’ राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के ठिकानों पर ईडी रेड

Summary :

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल और उनके बेटे के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुग्राम, पंजाब और जालंधर समेत 8 से 9 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। यह कार्रवाई फंड से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमें अशोक मित्तल के घर, फार्महाउस और अन्य ठिकानों पर जांच कर रही हैं। इसके अलावा, उनकी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में भी एजेंसी की टीम पहुंची है, जहां दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बताया…

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल और उनके बेटे के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुग्राम, पंजाब और जालंधर समेत 8 से 9 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। यह कार्रवाई फंड से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमें अशोक मित्तल के घर, फार्महाउस और अन्य ठिकानों पर जांच कर रही हैं। इसके अलावा, उनकी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में भी एजेंसी की टीम पहुंची है, जहां दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी के फंड से जुड़े कुछ मामलों में अनियमितताओं के संकेत मिले हैं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।

अशोक मित्तल पंजाब से ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य हैं और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं कुलाधिपति भी हैं। ईडी की यह छापेमारी ऐसे समय पर हुई है जब हाल ही में उन्हें पार्टी में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दरअसल, आम आदमी पार्टी ने 2 अप्रैल को अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का नया उपनेता नियुक्त किया था। उन्होंने राघव चड्ढा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। इस बदलाव को पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर आधिकारिक रूप से लागू किया था।

इससे पहले, समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में अशोक मित्तल ने इस नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया था। उन्होंने अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करते हुए कहा था कि वह इस भूमिका को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।

अशोक मित्तल ने कहा था कि उनका उद्देश्य संसद के भीतर और बाहर पार्टी की आवाज को मजबूती से उठाना है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि वे देश और खासकर पंजाब के हितों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने भरोसा जताया था कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगे।

वहीं, ईडी की कार्रवाई को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भाजपा द्वारा पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू… आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ईडी की रेड… टिपिकल मोदी स्टाइल।” उन्होंने आगे लिखा, “हम वो पत्ते नहीं, जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे। आंधियों को कह दो अपनी औकात में रहें।”

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.