रायबरेली, 20 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रायबरेली के लोधवारी गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरा पासी की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ में केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि देश जल्द आर्थिक संकट की ओर बढ़ सकता है और इसका सबसे अधिक असर आम जनता पर पड़ेगा। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान टकराव के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य प्रभावित होने से तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होगी, जिससे आने वाले समय में महंगाई बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, गैस और रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी होने वाली हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं से दूर है।
राहुल गांधी ने कहा कि जब आर्थिक हालात बिगड़ेंगे, तब जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। सभा में राहुल गांधी ने संविधान और सामाजिक समानता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वीरा पासी और भीमराव अम्बेडकर ने समानता और अधिकारों की लड़ाई लड़ी थी।
राहुल गांधी ने कहा, “हिंदुस्तान में हर नागरिक समान है। हर व्यक्ति को अपने परिश्रम का पूरा फल मिलना चाहिए और सभी को बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए। यह देश सबका है, किसी एक जाति या संगठन का नहीं है। यही बात हमारा संविधान भी कहता है। उन्होंने कहा कि संविधान देश की जनता की आवाज है और उसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है।”
सभा के दौरान राहुल गांधी ने हाथ में संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा, “सिर्फ नारों से कुछ नहीं होगा। बदलाव और अधिकारों की रक्षा संविधान को बचाने से ही होगी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा संविधान की मूल भावना को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय की रक्षा जरूरी है।
सभा स्थल पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने भरतगंज बाजार में लोगों की भीड़ देखकर अपना काफिला रुकवाया। वह वाहन से उतरकर लोगों से मिले, हालचाल जाना और अभिवादन स्वीकार किया। स्थानीय लोगों ने उन्हें फूल और गुलदस्ते भेंट किए। इससे पहले राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं, अमेठी क्षेत्र में कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा को लेकर पोस्टरबाजी भी देखने को मिली, जिसमें उनके कार्यकाल की तुलना पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के कार्यों से की गई।
–आईएएनएस
विकेटी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



