आजम खान के बयान पर भड़के एनडीए नेता, बोले-गलत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

Summary :

लखनऊ, 1 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2019 के एक फर्जी पैन कार्ड मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दी थी। शनिवार को वह रामपुर जेल से बाहर आए लेकिन जेल से बाहर आने के कुछ ही मिनटों बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले में फिर से हिरासत में ले लिया। इसके बाद आजम खान ने कहा कि वह मुस्लिम होने का खामियाजा भुगत रहे हैं और यूनिवर्सिटी बनाने…

लखनऊ, 1 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2019 के एक फर्जी पैन कार्ड मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दी थी। शनिवार को वह रामपुर जेल से बाहर आए लेकिन जेल से बाहर आने के कुछ ही मिनटों बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले में फिर से हिरासत में ले लिया। इसके बाद आजम खान ने कहा कि वह मुस्लिम होने का खामियाजा भुगत रहे हैं और यूनिवर्सिटी बनाने की सजा पा रहे हैं। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे साजिश करार दिया है। इस बयान पर रविवार को एनडीए नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि देश में संवैधानिक व्यवस्था है और देश की न्यायपालिका पर सभी को भरोसा है। न्यायपालिका का जो भी आदेश होगा, उसके आधार पर सरकार काम करेगी। हमारी सभी जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से काम कर रही हैं। अगर किसी ने कुछ गलत नहीं किया है, तो उसके साथ कुछ गलत नहीं होगा। हालांकि जिन्होंने अनैतिक और अवैध काम किए हैं, उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई जरूर होगी।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण ने भी आजम खान की गिरफ्तारी पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आजम खान ने अपने भ्रष्टाचार से रामपुर और अन्य जगहों पर हजारों करोड़ रुपये का साम्राज्य खड़ा किया है। सब कुछ रिकॉर्ड पर है, सारे कागज मौजूद हैं। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट के आदेश से ही उन्हें जेल भेजा जाएगा या जमानत मिलेगी। इसमें जांच एजेंसियां अपना काम करती हैं और न्यायालय अपना निर्णय लेता है। जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, उसका इलाज किया जाएगा। हम पूर्ण ईमानदारी की व्यवस्था स्थापित करने के लिए संकल्पित हैं। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह आजम खान हों या कोई अन्य बड़ा नेता।

वहीं, मुंबई में शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने भी आजम खान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की जांच एजेंसियों के ऊपर यह जिम्मेदारी है कि कोई भी देश के पैसे का गलत इस्तेमाल न करे। अगर इस पर कार्रवाई हो रही है, तो आप रो क्यों रहे हैं? आपको कोर्ट में जाकर बताना चाहिए कि आप गलत नहीं हैं। आप अभी जेल से निकले हैं, अगर जेल में जाकर ईडी पूछताछ करे तो आपको तकलीफ है, जेल से निकले और ईडी ने पकड़ लिया तो भी तकलीफ है। आप चाहते क्या हैं?

आनंद दुबे ने कहा कि जिस व्यक्ति की भैंसों की सुरक्षा के लिए कभी पुलिस लगा दी जाती थी, वह आज ईडी से घबरा रहे हैं। जो बोओगे वही काटोगे। आजम खान हों या उनके सरपरस्त, जिन्होंने उनकी मदद की है, उन सभी को अपने किए का परिणाम भुगतना पड़ेगा। जो किया है, वह दुनिया के सामने बताना पड़ेगा। पुलिस और कानून अपना काम कर रहे हैं। अब आप रो रहे हैं, विलाप कर रहे हैं क्योंकि आपको तकलीफ हो रही है। जब आप मजे कर रहे थे, तब आपको तकलीफ नहीं हुई, तब आपने नहीं सोचा था।

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.