नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार को बारिश ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव के कारण दिल्ली के लोगों को परेशानी हुई। दिल्ली के मिंटो रोड पर पानी जमा होने के कारण डीटीसी की एक बस पुल के नीचे पानी में फंस गई। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दिल्ली के मिंटो ब्रिज पर पिछले 28 सालों से जलभराव का सिलसिला बदस्तूर जारी है। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भी भारी बारिश के बाद डीटीसी की एक बस मिंटो रोड पुल के नीचे पानी में डूब गई थी।
सोमवार को हुई भारी बारिश की वजह से दिल्ली के आईटीओ, मंडी हाउस, पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली और साउथ दिल्ली के इलाकों में जलभराव की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भारी बारिश के चलते वर्षा के बाद कई जगह सड़कों पर पानी भर गया जिससे लंबा यातायात जाम लग गया। शहर में कई स्थानों पर जलजमाव होने की सूचना मिली जिसमें मोती नगर फ्लाईओवर, रंजीत सिंह फुटओवर ब्रिज, मायापुरी चौक, जखीरा अंडरपास, भैरों एन्क्लेव, छत्ता रेल पुल, लाला लाजपत राय मार्ग, रोहतक रोड, रानी झांसी रोड, आजाद मार्केट और जखीरा फ्लाईओवर शामिल था। यातायात जाम मोती नगर से राजा गार्डेन की ओर सड़क पर पानी जमा होने के चलते लगा। इसी के साथ उसी क्षेत्र में एक बस खराब हो जाने से उक्त क्षेत्र में दैनिक यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
28 सालों में नहीं बदला मिंटो ब्रिज का जलभराव
दिल्ली में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पिछले तीन दशकों में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसकी बानगी शुक्रवार को हुई बारिश के बाद मिंटो ब्रिज का हाल देखकर लगाया जा सकता है। दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस के पास स्थित मिंटो ब्रिज अंडरपास में पानी भरने की समस्या दशकों पुरानी है। पहली तस्वीर 1990 की है और दूसरी तस्वीर सोमवार के बाद हुई बारिश की है।
ज्यादातर अंडरपास लबालब, कई में बस समेत दूसरे वाहन भी डूबे बारिश के दौरान कई इलाकों की सड़कों पर जलभराव ने दिल्ली सरकार और तीनों नगर निगम के दावों की हकीकत खोल दी। छोटी सड़कों और गलियां ही नहीं, बल्कि कनाट प्लेस, आईटीओ, आश्रम, लाजपत नगर, आनंद विहार जैसे इलाकों में प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। नई दिल्ली स्थित मिंटो रोड, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, तिलक मार्ग, आईटीओ, राजघाट, प्रगति मैदान, मथुरा रोड आदि जगह बारिश से सड़कों पर पानी भर गया।
एक और बस मिंटो पुल के नीचे पानी में फंस गई. यद्यपि यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. दिल्ली पुलिस का ट्विटर हैंडल दैनिक यात्रियों को अपडेट पोस्ट कर रहा था और उन्हें जाम वाली सड़क के बारे में जानकारी दे रहा था. सफदरजंग वेधशाला के अनुसार दिल्ली में आज सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 32 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने कल आसमान में बादल छाये रहने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है.


Download Android App
Download iOS App



